बिहार

मानवता की मिसाल झाड़ी में मिली नवजात बच्ची को मिला नया जीवन और सुरक्षित ।। 2.2.जिले में विभिन्न तेल कंपनियों (IOCL, HPCL एवं BPCL) के माध्यम से गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही : DM 

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

मधुबनी जिले के अरेर थाना अंतर्गत माधवापट्टी गांव में मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई, जहां एक नवजात बच्ची को झाड़ी में परित्यक्त अवस्था में पाया गया। स्थानीय निवासी मोहम्मद अनीश ने संवेदनशीलता एवं मानवीय दायित्व का परिचय देते हुए बच्ची को सुरक्षित अपने घर ले जाकर उसकी देखभाल की तथा तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
सूचना प्राप्त होते ही चाइल्ड हेल्पलाइन टीम एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम सक्रिय हुई तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए नवजात बच्ची का रेस्क्यू किया गया। आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं विधिसम्मत प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत बाल कल्याण समिति, मधुबनी के आदेशानुसार बच्ची को विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान (Specialized Adoption Agency – SAA), मधुबनी में सुरक्षित आवासित कराया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान परिसर में एक भावनात्मक एवं संक्षिप्त स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई मधुबनी श्री नितेश कुमार पाठक की उपस्थिति में नवजात बच्ची के सुरक्षित जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जोरदार तालियों के साथ उसका स्वागत किया गया। साथ ही बच्ची के आगमन की खुशी में केक काटकर सभी ने मानवता एवं बाल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने कहा कि प्रत्येक बच्चा सुरक्षित बचपन, स्नेह एवं संरक्षण का अधिकार रखता है। समाज के सभी लोगों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल प्रशासन एवं चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना देनी चाहिए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मौके पर बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के कर्मी, विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान (SAA) के सभी कर्मी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने मोहम्मद अनीश द्वारा दिखाई गई मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सकारात्मक उदाहरण दूसरों के लिए प्रेरणा का कार्य करते हैं।

 

2.जिले में विभिन्न तेल कंपनियों (IOCL, HPCL एवं BPCL) के माध्यम से गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही :DM 

मधुबनी जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू है। 17 मई 2026 के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार जिले में विभिन्न तेल कंपनियों (IOCL, HPCL एवं BPCL) के माध्यम से गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जिले में कुल 99 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। अनियमितता के कारण 4 गैस एजेंसियों को सील कर दिया गया है।*

बुकिंग एवं डिलीवरी की प्रगति

01 मार्च 2026 से 16 मई 2026 तक कुल बुकिंग 10 लाख 54 हजार 606 है।बुकिंग के अनुरूप तेजी से गैस की आपूर्ति की जा रही है।

कल 16 मई 2026 को एक दिन में कुल बुकिंग 11742 एवं कुल सिलेंडर बिक्री की संख्या- 10929 है।
कंपनियों से दिनांक-16.05.2026 को कुल प्राप्त सिलेंडर 19 हजार 110 है तथा वर्तमान स्टॉक(आज का) 43 हजार 353 है।

होम डिलीवरी व्यवस्था
जिले में विभिन्न कंपनियों के सभी कुल 99 वितरक सक्रिय रूप से होम डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचा रहे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनी हुई है।

प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन द्वारा सभी उपभोक्ताओं से अपील की जाती है कि अनावश्यक रूप से गैस की बुकिंग न करें।घरेलू उपयोग के लिए ही गैस का उपयोग करें।किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर 06276-222576 पर दें।

जिला प्रशासन द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वही जिले के सभी पेट्रॉल पम्पों पर। आज दिनांक-17.05.2026 को 548.9 हजार लीटर पेट्रॉल तथा डीजल(हाई स्पीड डीजल) 622.6 हजार लीटर का स्टॉक उपलब्ध है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से पेट्रॉल-डीजल का अनावश्यक भंडारण नही करने की अपील की गई है। ताकि किसी प्रकार की घटना/दुर्घटना नही घटें।

सजग रहें,सर्तक रहें।
किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर 06276-222576 पर संपर्क करें।