SSB एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 207 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद तस्कर गिरफ्तार
कृष्णा कुमार
मधुबनी/भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर एवं बिहार पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता प्राप्त की गई।
दिनांक 16/05/2026 को सीमा चौकी कमला, सीमा चौकी बेतौन्हा एवं बिहार पुलिस जयनगर की संयुक्त गश्ती टीम द्वारा बेला चौक, NH-227 के निकट एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर लदे कपड़ों के बीच छुपाकर रखे गए पैकेटों से 207 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल एवं एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि उक्त मादक पदार्थ को बिहार के जयनगर क्षेत्र में डिलीवरी हेतु ले जाया जा रहा था।
बरामद मादक पदार्थ, वाहन, मोबाइल फोन एवं गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु थाना जयनगर को सुपुर्द कर दिया गया है।

