50 हजार घूस लेते निगरानी विभाग की टीम ने कार्यपालक पदाधिकारी को रंगे हाथ पकड़ा
शंकर प्रसाद कि रिपोर्ट
जमुई / सिकंदरा नगर पंचायत में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई विशेष निगरानी इकाई ने संभावित शिकायतकर्ता राजेश कुमार मिश्रा की लिखित शिकायत के आधार पर की है। परिवादी ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रति फाइल 2500 रुपये की दर से कुल 1,62,500 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। राशि नहीं देने पर काम रोक देने की बात कही गई थी। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया और 50 हजार रुपये लेते ही संतोष कुमार को दबोच लिया। इस दौरान स्वच्छता साथी सोनू कुमार को भी ट्रैप किया गया। गिरफ्तारी के बाद अधिकारी को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि संतोष कुमार बीपीएससी 67वीं बैच के अधिकारी हैं। वे सितंबर 2025 में पूर्णिया जिले के अमौर नगर पंचायत से स्थानांतरित होकर सिकंदरा आए थे।

