बिहार

मुख्यमंत्री ने जनतादरवार में अर्द्धनिर्मित स्टेडियम खाजेडीह को दिया पूर्ण करने का आदेश

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

लदनियां से अमरनाथ यादव की रिपोर्ट

मधुबनी /लदनियां प्रखंड के खाजेडीह हाई स्कूल के मैदान में 13 वर्षों से लंबित स्टेडियम का हाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने जनतादरवार कार्यक्रम में सोमवार को सुना। निर्माणाधीन इस स्टेडियम के अधूरेपन की कहानी सुनाने नोनदरही गांव निवासी पूर्व सांसद प्रतिनिधि विष्णुदेव भंडारी का समय निर्धारित था। समय पर पहुंचे श्री भंडारी को प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट सहकारिता पदाधिकारी अरविन्द कुमार व पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार ने जनतादरवार में प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को योजना को पूर्ण कराने का आदेश दिया है।
इस योजना का शिलान्यास 2 मार्च 2010 को तत्कालीन विधायक कपिलदेव कामत ने समारोहपूर्वक किया था। शिलान्यास के बाद 29 . 38 लाख की प्राक्कलित राशि से निर्माण की शुरुआत की गई थी, जिसमें स्टेडियम की चहारदीवारी भी नहीं बन सकी थी। संवेदक निर्माण छोड़कर चला गया। पुनः तीन वर्षों के बाद संबंधित विभाग से 20 . 76 लाख की राशि आवंटित की। कार्यकारी एजेंसी स्थानीय क्षेत्र विकास अभियंत्रण संगठन मधुबनी – 1 की देखरेख में संवेदक ने मात्र एक तरफ गैलरी व दो कमरे का निर्माण प्रारंभ किया, जिसे पूरा नहीं किया जा सका था। मामला लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम तक पहुंचा। फैसले में दिए गए आदेश का अनुपालन एक साल बाद भी नहीं किया जा सका।

विदित हो कि स्कूल की पांच एकड़ जमीन स्टेडियम के नाम पर वर्षों से फंसी पड़ी है। अपूर्ण दीवारें भी टूटती चली जा रही है। इस बाबत खेल प्रेमी युवकों में आक्रोश व्याप्त है। आक्रोशितों ने कहा कि युवकों की रूचि खेल में बढ़ी है। यहां के युवक स्टेडियम की जरूरत महसूसने लगे हैं। बच्चे खेत व खलिहानों में क्रिकेट समेत अन्य खेल को खेलने के लिए विवश हैं।