पत्नी से विवाद पड़ा भारी SP पद से धोना पड़ा हाथ
न्यूज डेस्क
पटना/खगड़िया/ पत्नी से चल रहे विवाद के कारण चर्चा में आए 2021 बैच के IPS अधिकारी भानू प्रताप सिंह पर आखिरकार सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। गृह विभाग ने उन्हें खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (SP) पद से हटाकर बिहार पुलिस मुख्यालय पटना में योगदान देने का निर्देश दिया है।
उनकी जगह शिवहर के SP शैलेन्द्र सिंह को खगड़िया का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि मुजफ्फरपुर के सिटी शिवहर का नया SP नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार भानू प्रताप सिंह और पूजा सिंह ने 16 जनवरी 2016 को प्रेम विवाह किया था, उस वक्त भानू UPSC की तैयारी कर रहे थे। दंपती की 6 साल की बेटी है।
पत्नी पूजा सिंह का आरोप है कि पति के IPS बनने के बाद रिश्तों में दूरी आने लगी उन्हें प्रताड़ित किया गया, मारपीट की गई और 6 साल की बेटी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। पूजा ने दावा किया है कि उन पर जबरन तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया जा रहा है।
पूजा सिंह ने 1 नवंबर को पटना में मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और 2 नवंबर की रात पटना के गर्दनीबाग महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पूजा का कहना है कि वह तलाक नहीं चाहतीं, बल्कि पति और बेटी के साथ रहना चाहती हैं।
गृह विभाग की अधिसूचना में हालांकि पारिवारिक विवाद को आधिकारिक वजह नहीं बताया गया है, लेकिन यह तबादला पत्नी के धरने और शिकायत के बाद ही हुआ है। बिहार राज्य महिला आयोग ने भी 26 अक्टूबर को मामले पर संज्ञान लेकर IPS को समन जारी किया था।

