बिहार में दो निर्दलीय MLC के BJP के समर्थन में आने पर सियासी बवाल मनोज झा ने उठाए सवाल सदस्यता रद्द करने की मांग
न्यूज डेस्क
पटना/ बिहार विधान परिषद चुनाव के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। दो निर्दलीय MLC के भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने के बाद विपक्ष हमलावर हो गया है।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित MLC राहुल राज और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से वंशीधर ब्रजवासी द्वारा बीजेपी को समर्थन देने की खबर सामने आई है।
इस पर राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कड़ी आपत्ति जताई है। मनोज झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोनों MLCs की फोटो दिखाते हुए कहा कि यह संविधान की भावना और दल-बदल विरोधी कानून के प्रावधानों के खिलाफ है।
मनोज झा ने कहा निर्दलीय के तौर पर जीतकर किसी दल का पट्टा पहन लेना जनादेश के साथ धोखा है। हम मांग करते हैं कि विधान परिषद के सभापति दोनों की सदस्यता रद्द करें।
मनोज झा के इस बयान के बाद बिहार में दल-बदल कानून, शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मर्यादा और गठबंधन धर्म को लेकर नई बहस छिड़ गई है।

