रोशन यादव की जेल में मौत को लेकर तेजस्वी यादव पहुंचे परगौली, परिजनों को दिया इंसाफ का भरोसा
अजय कुमार ठाकुर
मधुबनी / अरेर थाना क्षेत्र अंतर्गत परगौली गांव निवासी रोशन यादव की जेल में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के करीब दस दिन बाद भी इस मामले को लेकर राजनीतिक नेताओं का परगौली गांव पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को बिहार के नेता प्रतिपक्ष एवं राजद प्रमुख तेजस्वी यादव परगौली पहुंचे।
तेजस्वी यादव सड़क मार्ग से मधुबनी पहुंचे, जहां सर्किट हाउस जाने के बाद वे रहिका रोड होते हुए परगौली के लिए रवाना हुए। उनके काफिले के गुजरने के दौरान रहिका में बड़ी संख्या में लोग अपने नेता की एक झलक पाने और स्वागत करने के लिए सड़क किनारे जुट गए। इस दौरान रहिका मुखिया प्रतिनिधि खुर्शीद आलम उर्फ चुन्नू की ओर से चार बुलडोजरों के माध्यम से तेजस्वी यादव के काफिले पर फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान समर्थकों में काफी उत्साह देखने को मिला।
इसके बाद तेजस्वी यादव अरेर थाना क्षेत्र के परगौली गांव स्थित रोशन यादव के घर पहुंचे। उन्होंने रोशन यादव के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। तेजस्वी यादव ने रोशन यादव की मां और बहन से बातचीत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए राजद पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि रोशन यादव की मौत कोई सामान्य घटना नहीं है। जेल के अंदर हुई मौत कई गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा तथा परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

