सावन की तीसरी सोमवारी पर कमला नदी से प्रसिद्ध बाबा कपिलेश्वर स्थान महादेव मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं
अजय कुमार ठाकुर की विशेष रिपोर्ट
मधुबनी/ जिले के रहिका प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा कपिलेश्वर स्थान महादेव मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु जयनगर स्थित कमला नदी से पवित्र जल भरकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा कपिलेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक करेंगे। सोमवार को होने वाले जलाभिषेक को लेकर मंदिर परिसर से लेकर जयनगर और कपिलेश्वर स्थान के बीच तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्ते में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं। विभिन्न सामाजिक संगठनों और बोल बम सेवा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क व्यवस्था की गई है। इन शिविरों में भोजन, ठंडा पानी, गर्म पानी, शरबत, प्राथमिक उपचार समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा समितियों के सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा में लगातार जुटे हुए हैं।
वहीं, तीसरी सोमवारी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। जयनगर से लेकर कपिलेश्वर स्थान तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
कपिलेश्वर स्थान रहिका थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसे देखते हुए रहिका थाना अध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप द्वारा विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें तथा भीड़ में किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा कपिलेश्वर स्थान में आस्था और भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिलेग।

