बिहार

विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रामगढ़ चौक लखीसराय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

सौरव कुमार की रिपोर्ट

लखीसराय/महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रामगढ़ चौक में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा माहवारी से जुड़ी सामाजिक रूढ़ियों एवं भ्रांतियों को दूर करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, वार्डन सह शिक्षिका वीणा कुमारी तथा वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 28 मई को विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा इस विषय से जुड़े सामाजिक वर्जनाओं और झिझक को समाप्त करना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में यह दिवस “पीरियड फ्रेंडली वर्ल्ड” थीम के साथ मनाया जा रहा है, जिसका लक्ष्य ऐसा समाज बनाना है जहां माहवारी को शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि स्वास्थ्य एवं जीवन की एक सामान्य प्रक्रिया के रूप में स्वीकार किया जाए।

उन्होंने छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी देते हुए बताया कि सैनिटरी पैड अथवा मेंस्ट्रुअल कप को प्रत्येक 4 से 6 घंटे के अंतराल पर बदलना चाहिए। पुराने एवं अस्वच्छ कपड़ों का उपयोग संक्रमण का कारण बन सकता है। साथ ही नियमित रूप से स्नान करने, जननांगों की साफ-सफाई बनाए रखने तथा नैपकिन बदलने से पहले और बाद में साबुन से हाथ धोने की सलाह दी गई। शरीर में रक्त की कमी को रोकने के लिए हरी सब्जियों, फलों एवं आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन पर भी विशेष बल दिया गया।

महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने मासिक धर्म से जुड़े अंधविश्वासों और सामाजिक झिझक को समाप्त करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह निषेध अभियान, महिला हेल्पलाइन-181 तथा सखी वन स्टॉप सेंटर सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी छात्राओं को दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा माहवारी स्वच्छता एवं महिला सशक्तिकरण विषय पर नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। साथ ही छात्राओं के बीच सैनिटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की दर्जनों छात्राएं, शिक्षकगण एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे। यह आयोजन किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा माहवारी से जुड़े मिथकों को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।