SSB जयनगर द्वारा नेपाली शराब की बड़ी खेप जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
News डेस्क
मधुबनी/जयनगर अनुमंडल के भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी निरोधक अभियान के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के जवानों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 906.325 लीटर नेपाली शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पहली कार्रवाई दिनांक 29 मई 2026 को समवाय जानकीनगर क्षेत्र में की गई। प्राप्त आसूचना के आधार पर विशेष गश्ती दल द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 277(46) के निकट ग्राम दुहबी में कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिलों पर नेपाल से भारत की ओर लाई जा रही नेपाली शराब बरामद की गई। गश्ती दल को देखकर तीन तस्करों ने भागने का प्रयास किया, जिनमें से एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया जबकि दो अन्य नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। इस कार्रवाई में कुल 43.325 लीटर नेपाली शराब, दो मोटरसाइकिल तथा एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया। बरामद सामग्री एवं गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु थाना बासोपट्टी को सुपुर्द कर दिया गया है।
दूसरी कार्रवाई दिनांक 30 मई 2026 को सीमा चौकी कमला क्षेत्र में की गई। आसूचना के आधार पर नाका ड्यूटी के दौरान जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 270/6 के निकट कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को कमला नदी के रास्ते नेपाल से भारत की ओर बोरी खींचकर लाते हुए देखा। जवानों द्वारा घेराबंदी किए जाने पर तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। मौके से कुल 16 बोरियों में भरी 2880 बोतल नेपाली सोफी शराब (864 लीटर) बरामद की गई। जब्त शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु थाना जयनगर को सुपुर्द किया जा रहा है।

