बरदानी बाबा मंदिर से निकली भव्य कलश शोभा यात्रा धार्मिक उत्साह से गूंजा क्षेत्र
सुरेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
मधुबनी/जयनगर प्रखंड मुख्यालय से महज 5 से 6 किलोमीटर दूर बरही पंचायत स्थित बरदानी बाबा मंदिर परिसर में आज भव्य कलश शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच निकली यह यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर दुल्लीपट्टी होते हुए शिलानाथ महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरकर कलश को पुनः मंदिर में स्थापित किया।
यात्रा के उपरांत झंडा पूजन विधिवत रूप से संपन्न किया गया और स्थानीय पुजारी व ग्रामीणों के सहयोग से झंडा खड़ा किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मीना देवी, जामुन चौधरी, सचिन चौधरी, वरिष्ठ नेता प्रदीप प्रभाकर, जिला परिषद सदस्य अंजली कुमारी, अध्यक्ष धर्मनाथ चौधरी, सचिव रामपुकार यादव और कोषाध्यक्ष ललन साह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
शोभा यात्रा में बजरंगबली की भव्य प्रतिमा, सूर्य देव सहित अन्य देवी-देवताओं की झांकियां और सजे-धजे अश्व आकर्षण का केंद्र रहे। बता दें कि वर्ष 1985 में स्थापित इस प्राचीन मंदिर परिसर में इस अवसर पर भव्य मेला भी सजाया गया है, जिसमें झूले, रंग-बिरंगी दुकानें और मनोरंजन के विभिन्न साधन मौजूद हैं। कार्यक्रम की खास बात तीन दिवसीय महिला एवं पुरुष कुश्ती दंगल प्रतियोगिता है, जिसमें पंजाब, उत्तर प्रदेश, अयोध्या और नेपाल से प्रसिद्ध पहलवान हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही संध्या और रात्रि में भजन-कीर्तन के आयोजन से माहौल भक्तिमय बना रहेगा। पंचायत समिति प्रतिनिधि नीलम देवी सहित बृजेश चौधरी, रामबाबू चौधरी, रमन चौधरी, कन्हैया साह, रौशन चौधरी, मनोज साह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का भरोसा दिया है। यह धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन न केवल क्षेत्रीय एकता को मजबूत करता है, बल्कि युवाओं को पारंपरिक खेलों और संस्कृति से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। बरदानी बाबा मंदिर परिसर में आयोजित यह मेला आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

