बड़ी खबरेबिहार

दरभंगा में स्पा सेंटर की आड़ में बड़ा खेल

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

दरभंगा/ शहर में स्पा सेंटर की आड़ में बड़ा खेल चलने की चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार शहर में दर्जन से अधिक स्पा सेंटर संचालित हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इनमें से किसी के पास भी नगर निगम का वैध लाइसेंस नहीं है।

बतादे कि इन सेंटरों में काम कराने के लिए गुजरात, पश्चिम बंगाल और दिल्ली समेत अन्य राज्यों से युवतियों को हवाई जहाज के जरिए दरभंगा बुलाया जाता है। कुछ दिन काम कराने के बाद उन्हें वापस भेज दिया जाता है। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की चर्चा भी शहर में हो रही है।

सूत्रों के अनुसार दरभंगा एयरपोर्ट से लेकर बेंता, मिर्जापुर, दरभंगा टावर, दिल्ली मोड़, अल्लपट्टी और सिंहवाड़ा जैसे इलाकों में गुप्त रूप से कई स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं। इन सेंटरों में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग और इंटरनेट के जरिए प्रचार किया जाता है।

बताया जाता है कि यहां 15 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक की मेंबरशिप ली जाती है। इसके बाद अलग-अलग नामों से मसाज पैकेज देकर हजारों रुपये वसूले जाते हैं। कुछ ग्राहकों का दावा है कि अंदर जाने के बाद रजिस्ट्रेशन फी, एंट्री फी, सेवा फीस और बख्शीश के नाम पर अतिरिक्त रकम भी ली जाती है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि नगर निगम ने शहर के किसी भी स्पा सेंटर को अब तक लाइसेंस जारी नहीं किया है। बाजार प्रभारी के अनुसार यदि इस तरह के संचालन की सूचना मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन इन स्पा सेंटरों की गंभीरता से जांच करे तो कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।