कॉपियों की जांच लगभग पूरी 20 से 25 मार्च के बीच आ सकता है परिणाम
कृष्णा कुमार
बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम अब जल्द घोषित होने वाला है। Bihar School Examination Board की ओर से इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। बोर्ड के अनुसार कॉपियों की जांच की प्रक्रिया 27 फरवरी से शुरू की गई थी और इसे 10 मार्च तक समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कुछ विषयों की कॉपियों की जांच शेष रहने के कारण प्रक्रिया कुछ दिन और बढ़ानी पड़ी।
मूल्यांकन के अंतिम चरण में सबसे अधिक उत्तरपुस्तिकाएं हिंदी और अंग्रेजी विषय की बची थीं। इन दोनों विषयों की कॉपियों की जांच पूरी होने के बाद ही अंकों का अंतिम संकलन किया जाएगा। बोर्ड की ओर से दोनों विषयों के अंकों को जोड़कर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर टॉपर्स की पहचान की जाएगी।
बोर्ड सूत्रों के अनुसार इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट 20 से 25 मार्च के बीच जारी किया जा सकता है। परिणाम घोषित करने से पहले टॉपर्स की सूची तैयार की जाएगी और सूची में शामिल विद्यार्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से बोर्ड यह सुनिश्चित करता है कि मेरिट सूची में शामिल छात्रों के अंक और प्रदर्शन पूरी तरह प्रमाणित हों।
बताया जा रहा है कि टॉपर्स के सत्यापन की प्रक्रिया 17 या 18 मार्च के बाद शुरू हो सकती है। इस दौरान चयनित छात्रों को बोर्ड कार्यालय में बुलाकर उनसे इंटरव्यू लिया जाएगा। इंटरव्यू और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही अंतिम रूप से टॉपर्स की सूची जारी की जाएगी और इसके बाद रिजल्ट सार्वजनिक किया जाएगा।

