फर्जी प्रमाण पत्र आवेदन करने वाला अभियुक्त 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार
न्यूज डेस्क
मधुबनी/ अंचल अधिकारी बाबूबरही के कार्यालय में निवास प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त एक आवेदन में फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। उक्त आवेदन में स्वप्रमाणित फोटो के स्थान पर कुत्ते की तस्वीर लगी पाई गई।
आवेदक ने अपने नाम टॉमी (Tommy), पिता का नाम पिला (Pila) तथा माता का नाम पेलोनिया (Pelenia) दर्शाया था। आवेदन में दिए गए मोबाइल नंबर 6206066652 एवं ईमेल आईडी [email protected] के माध्यम से जब जांच की गई तो फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। विशेष जांच के दौरान यह पाया गया कि आवेदक द्वारा फर्जी दस्तावेज लगाकर नियमों की अवहेलना करते हुए प्रमाण पत्र निर्गत कराने का प्रयास किया जा रहा था।
इस प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करते हुए बाबूबरही थाना में वाद संख्या-357/25, दिनांक-05.08.2025 को भारतीय दंड विधान की धारा-338/336(3)/336(4) बी 0एन 0एस0 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल नंबर 6206066652के धारक सुमन कुमार, पिता- श्री रामेश राम, साकिन- पंचरुखी, थाना- बाबूबरही, जिला- मधुबनी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त ने स्वीकार किया है कि वह इंस्टाग्राम पर अन्य फर्जी प्रमाण पत्रों की रील्स देखकर इस प्रकार के कृत्य को अंजाम दे रहा था। फिलहाल अभियुक्त से पूछताछ जारी है और विधिसम्मत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम व पता:
1. सुमन कुमार, पिता- श्री रामेश राम, साकिन- पंचरुखी, थाना- बाबूबरही, जिला- मधुबनी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रमाण पत्र निर्गत कराने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचें और सत्यापन योग्य दस्तावेजों के साथ ही आवेदन करें।

