प्रधान शिक्षक व शिक्षिका का आपत्तिजनक वीडियो वायरल दोनों सस्पेंड
सेंट्रल डेस्क
जहानाबाद/ स्कूल में कार्य अवधि के दौरान शिक्षक और शिक्षिका का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डीईओ कार्यालय से 23 नवंबर को जारी दो अलग-अलग आदेशों में मखदुमपुर प्रखंड के प्रधान शिक्षक और एक विशिष्ट शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है।
पहले आदेश के अनुसार नव प्राथमिक विद्यालय कुकरी बिगहा मखदुमपुर के प्रधान शिक्षक प्रवीण कुमार पर स्कूल की कार्य अवधि में आपत्तिजनक अवस्था में रहने पदीय कर्तव्यों से इतर अमर्यादित कार्य में संलिप्त रहने व अनुशासनहीनता और कर्तव्यहीनता के आरोप हैं, जिसके कारण उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मोदनगंज कार्यालय में तय किया गया है।
दूसरे आदेश में मध्य विद्यालय माछिल मखदुमपुर की विशिष्ट शिक्षिका पर भी समान आरोप लगाये गये हैं और उन्हें भी निलंबित किया गया है। उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रतनी फरीदपुर कार्यालय होगा।
इन दोनों मामलों में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा व सर्व शिक्षा अभियान को संचालन पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, मखदुमपुर को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। इन दोनों के खिलाफ आरोपपत्र अलग से गठित किया जा रहा है। निलंबन अवधि में उपस्थिति विवरणी के आधार पर इन्हें नियमानुकूल जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

