त्रिशूला नदी के घाट पर आस्था का महासंगम भगवतीपुर में छठ व्रतियों ने दिया सांझ का अर्घ्य
आज देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड अंतर्गत भगवतीपुर गांव में त्रिशूला नदी के घाट पर आस्था का विहंगम दृश्य देखने को मिला।
सैकड़ों की संख्या में छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को सांझ का अर्घ्य दिया। पूरा त्रिशूला नदी घाट छठी मइया की जय और पारंपरिक छठ गीतों से गूंज उठा।
नदी के किनारे केले के थम्भ से सजे घाट, सूप में सजे ठेकुआ, फल-फूल और नये वस्त्रों में सजी व्रतधारी महिलाएं। भगवतीपुर गांव के हर घर से परिवार के लोग घाट पर पहुंचे थे। व्रतियों ने कमर भर पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि त्रिशूला नदी का यह घाट वर्षों से इस क्षेत्र के आस्था का केंद्र रहा है। यहां भगवतीपुर और आसपास के दर्जनों गांवों के लोग छठ करने आते हैं।
प्रशासन की ओर से घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई थी। गोताखोरों और पुलिस बल की तैनाती भी देखी गई।
कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

