फतुहा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई 98 किलो गांजा और 457 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद 2 गिरफ्तार
न्यूज़ डेस्क
पटना / फतुहा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की है।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दरियापुर नया टोला स्थित चंपारण मीट हाउस के पीछे अवैध रूप से गांजे का कारोबार हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने श्याम नारायण राय के भूसे वाले कमरे में रखे 4 बोरों से 16 पैकेट में छिपाकर रखा गया 98 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
मौके से पुलिस ने 3 मोबाइल, 3190 रुपये नकद और 5 चाबियां भी बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दरियापुर निवासी श्याम नारायण राय (60 वर्ष) और उसके पुत्र अमर कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
दूसरी कार्रवाई फतुहा के गोविंदपुर इलाके में की गई। यहां एक घर के तहखाने से ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड की 53 कार्टन अंग्रेजी शराब (लगभग 457 लीटर) बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है और दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है।
फतुहा पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।

