बिहार में 13 अगस्त तक बनेंगे 11 लाख से ज्यादा नए राशन कार्ड हर दिन जारी होंगे 36 हजार से अधिक कार्ड डीएम करेंगे रोज समीक्षा
न्यूज डेस्क
बिहार / गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक राशन योजना का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार ने नए राशन कार्ड बनाने का बड़ा अभियान शुरू किया है। इस संबंध में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। बैठक में तय किया गया कि राज्य में उपलब्ध 46,93,806 खाली स्लॉट को भरने की दिशा में 11,04,425 नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे।
सरकार ने इस अभियान को पूरा करने के लिए 13 अगस्त की समय-सीमा तय की है। लक्ष्य समय पर पूरा हो, इसके लिए अधिकारियों को प्रतिदिन 36,814 से अधिक नए राशन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया गया है। मुख्य सचिव ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों और आपूर्ति अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 13 अगस्त की तय समय-सीमा को अंतिम मानते हुए अभियान में पूरी गंभीरता से काम करें।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अनुसार, सबसे अधिक नए राशन कार्ड पटना जिले में बनाए जाएंगे। यहां 1,18,649 कार्ड जारी करने का लक्ष्य रखा गया है और प्रतिदिन 3,955 कार्ड बनाए जाएंगे। इसके बाद वैशाली में 1,03,704 कार्ड (प्रतिदिन 3,457) और मुजफ्फरपुर में 86,175 कार्ड (प्रतिदिन 2,873) जारी किए जाएंगे। इन जिलों में काम की गति तेज रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं अरवल जिले में सबसे कम 2,180 नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे, जिसके लिए प्रतिदिन 73 कार्ड जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि जिन जिलों में लक्ष्य कम है, जैसे अरवल, बक्सर और जहानाबाद, वहां अधिकारी जल्द से जल्द सभी प्रक्रियाएं पूरी कर अपने जिले का काम पहले समाप्त करें।
अभियान की निगरानी के लिए सभी जिलों में जिलाधिकारी स्वयं रोजाना समीक्षा करेंगे। साथ ही राशन कार्ड के सत्यापन और शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया है।

