बिहारशिक्षा

शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए ज्ञानदीप पोर्टल पर आरटीई ऑनलाइन नामांकन के अगले चरण की समय-सीमा घोषित।। 2. शिक्षा मंत्री श्री सुनील कुमार ने विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

पटना/बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(c) के अंतर्गत शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया के अगले चरण की समय-सीमा घोषित की है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग एवं अलाभकारी समूह के बच्चों का नामांकन ज्ञानदीप पोर्टल के माध्यम से प्रस्वीकृति प्राप्त निजी विद्यालयों में किया जा रहा है।
विभागीय पत्रांक 505, दिनांक 15.06.2023 एवं समय-समय पर प्रेषित पत्रों के आलोक में यह प्रक्रिया सतत रूप से जारी है। शेष पात्र बच्चों के आवेदन को सुगम बनाने हेतु अगले चरण की समय-सारणी इस प्रकार निर्धारित की गई है। प्रस्वीकृति प्राप्त निजी विद्यालयों द्वारा Intake Capacity का अपलोड 06 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक छात्र पंजीकरण की प्रक्रिया संचालित होगी। पंजीकृत छात्रों का सत्यापन 17 अप्रैल से 02 मई 2026 तक किया जाएगा। सत्यापित छात्रों का ऑनलाइन स्कूल आवंटन 05 मई 2026 को किया जाएगा तथा चयनित छात्रों का विद्यालय में प्रवेश 06 मई से 21 मई 2026 तक पूर्ण किया जाएगा।
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अधिसूचित समय-सारणी के अनुरूप अग्रेत्तर निर्देश जारी करें, ताकि आरटीई अधिनियम की धारा 12(1)(c) के तहत ऑनलाइन प्रवेश प्रणाली का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित हो सके।
पात्र बच्चों के अभिभावकों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आधिकारिक पोर्टल http://gyandeep-rte.bihar.gov.in/ पर जाकर पंजीकरण की प्रक्रिया अवश्य पूर्ण करें।

 

2. शिक्षा मंत्री श्री सुनील कुमार ने विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की

पटना/बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री श्री सुनील कुमार ने आज दिनांक 07 अप्रैल, 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय सभागार में शिक्षा विभाग के कार्यों की प्रगति की व्यापक समीक्षा की। बैठक में राज्य के सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी सम्मिलित हुए।
समीक्षा के दौरान शिक्षा मंत्री ने सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत राज्य में निर्माणाधीन मॉडल स्कूलों में एकरूपता बनाये रखने का स्पष्ट निदेश दिया। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों की संरचना एवं गुणवत्ता में किसी प्रकार की विसंगति स्वीकार्य नहीं होगी। साथ ही, विद्यालयों में खेल-कूद सामग्री, पाठ्य-पुस्तकें एवं सेनेटरी नैपकीन की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।
शिक्षा मंत्री ने विद्यालयों में शत-प्रतिशत आधार सीडिंग, स्वच्छ शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था, वृक्षारोपण तथा गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ये सभी पहलू विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं विद्यालयी वातावरण को बेहतर बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
विद्यालय निरीक्षण के संदर्भ में शिक्षा मंत्री ने निर्देशित किया कि निरीक्षण विहित प्रपत्र में गुणवत्ता के साथ किया जाए, जिसमें स्वच्छता, उपस्थिति, भौतिक संरचना की प्रगति एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षण व्यवस्था को प्रमुख अवयव के रूप में शामिल किया जाए। उन्होंने बेहतर कार्य निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों की सराहना भी की।
बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री बी. राजेन्दर, निदेशक प्राथमिक शिक्षा श्री विक्रम विरकर, निदेशक मध्याह्न भोजन श्री विनायक मिश्र, निदेशक प्रशासन श्री मनोरंजन कुमार सहित सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित रहे।