जयनगर नगरपंचायत का अतिक्रमण हटाओ अभियान, डोजर चला कर हटाए गए स्थायी निर्माण
सुरेश गुप्ता की रिपोर्ट
मधुबनी/ जयनगर नगरपंचायत कार्यालय की ओर से सोमवार को शहर में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगरपंचायत पदाधिकारियों की देखरेख में कमलारोड, स्टेशन चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर डोजर चलाया गया। इस दौरान चलंत दुकानों के लिए निर्धारित स्थान पर स्थायी रूप से बनाई गई दुकानों को हटाया गया, अवैध होर्डिंग बोर्ड तोड़े गए तथा नाला के ऊपर किए गए पक्कीकरण को ध्वस्त किया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना भी वसूला गया।सुबह से ही नगरपंचायत की टीम पुलिस बल के साथ कमलारोड पहुंची। यहां कई दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे अस्थायी अनुमति लेकर स्थायी ढांचा खड़ा कर लिया गया था। इससे सड़क संकरी हो गई थी और अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। अधिकारियों ने पहले संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी, लेकिन अनुपालन नहीं होने पर डोजर से कार्रवाई की गई।
इसके बाद अभियान स्टेशन चौक की ओर बढ़ा। स्टेशन चौक के आसपास चलंत दुकानों के लिए चिन्हित जगह पर कई लोगों ने पक्का निर्माण कर लिया था। नगरपंचायत ने ऐसे सभी स्थायी ढांचों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थल पर किसी प्रकार का स्थायी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान कई बड़े होर्डिंग बोर्ड भी हटाए गए, जो बिना अनुमति लगाए गए थे। अधिकारियों के अनुसार ये होर्डिंग न केवल नियमों के विरुद्ध थे, बल्कि दुर्घटना का कारण भी बन सकते थे। साथ ही नालों के ऊपर स्लैब डालकर किए गए पक्कीकरण को भी तोड़ा गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था बाधित हो रही थी। नगरपंचायत का कहना है कि बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या इन्हीं अवैध निर्माणों के कारण बढ़ जाती है ।नगरपंचायत पदाधिकारी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों से निर्धारित राशि के अनुसार जुर्माना भी वसूला गया है। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क और नालों पर कब्जा न करें तथा शहर को व्यवस्थित रखने में सहयोग दें।स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। नगरपंचायत ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा।

