नीतीश कुमार लेंगे 10वीं बार शपथ, गांधी मैदान बनेगा ऐतिहासिक पल का गवाह
पटना एक बार फिर ऐतिहासिक राजनीतिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 20 नवंबर को अपनी 10वीं शपथ पटना के प्रसिद्ध गांधी मैदान में लेंगे। यह वही मैदान है जहां नीतीश कुमार पहले भी कई बार सत्ता संभालने का संकल्प ले चुके हैं।
नीतीश कुमार ने पहली बार नवंबर 2005 में गांधी मैदान से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय एनडीए गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिला था। जदयू ने 88 सीटें और भाजपा ने 55 सीटें जीतकर कुल 143 सीटों पर कब्जा जमाया था। यह अवसर नीतीश कुमार की पहली बड़ी राजनीतिक जीत थी।दूसरा बड़ा जश्न नवंबर 2010 में देखने को मिला। इस बार एनडीए गठबंधन ने दो सौ का आंकड़ा पार कर लिया।
जदयू ने 115 और भाजपा ने 91 सीटें जीतकर कुल 206 सीटों का शानदार प्रदर्शन किया था। गांधी मैदान में हुआ वह शपथ समारोह आज भी लोगों की यादों में है।अब 2025 में, नीतीश कुमार एक बार फिर इतिहास दोहराने जा रहे हैं। इस बार भी एनडीए गठबंधन ने 243 में से 202 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को 89, जदयू को 85, लोजपा (रामविलास) को 19, हम (से) को 5 और आरएलएम को 4 सीटें मिली हैं। मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार की “200 पार” वापसी ने एनडीए में नई ऊर्जा भर दी है।
गांधी मैदान में शपथ समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा को देखते हुए मैदान को चार दिनों के लिए आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। प्रत्येक गेट पर मेटल डिटेक्टर और हाईटेक सुरक्षा जांच की व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने आयोजन को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है

