देश - विदेशनेपाल

48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर द्वारा विविध कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

मधुबनी/जयनगर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा विविध कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं समाज में संरक्षण की भावना विकसित करना था।

इस उपलक्ष्य में निम्नलिखित कार्यक्रम आयोजित किए गए:
1. संदीक्षा कार्यक्रम – महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूक करने एवं “शून्य अपशिष्ट प्रबंधन” की आवश्यकता को समझाने हेतु एक प्रेरणादायक व्याख्यान आयोजित किया गया।
इस व्याख्यान को श्रीमती सुषमा दुहान, सहायक कमांडेंट एवं संदीक्षा अधिकारी ने प्रस्तुत किया। उन्होंने घरेलू स्तर पर कचरा प्रबंधन, पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण एवं जैविक अपशिष्ट से खाद बनाने जैसे व्यावहारिक उपायों पर प्रकाश डाला। यह कार्यक्रम महिलाओं में पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना को और सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
2. वृक्षारोपण अभियान – 48वीं वाहिनी मुख्यालय एवं समस्त सीमा चौकियों पर वृक्षारोपण किया गया, जिसमें वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
3. प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता – पर्यावरण से जुड़े विषयों पर आधारित इस प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों के ज्ञान और जागरूकता का परीक्षण किया।
4. वाद-विवाद प्रतियोगिता – यह प्रतियोगिता वाहिनी परिसर में आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण विषयक विचारों का प्रभावशाली आदान-प्रदान हुआ।

5. चित्रकला प्रतियोगिता – यह कार्यक्रम आई. पी. इंटरनेशनल स्कूल, जयनगर में प्रातः 11:00 बजे आयोजित किया गया, जिसमें दो आयु वर्गों (5 से 10 वर्ष एवं 10 से 13 वर्ष) के बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों सहित सभी वर्गों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, जागरूकता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना था।

प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से प्रदान किया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ।

इस अवसर पर 48वीं वाहिनी के उप कमांडेंट श्री विवेक ओझा, उप कमांडेंट श्री हरि नारायण जाट, आई.पी. इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक श्री विवेक चंद्रा (C.A.), प्रधानाचार्य श्री ताशी योलमों एवं विद्यालय के सम्मानित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में श्री हरेन्द्र सिंह, द्वितीय-कमान-अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट, 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने अपने प्रेरणादायक वक्तव्य में कहा:
“पर्यावरण की रक्षा करना केवल एक दिन का कार्य नहीं, यह निरंतर प्रयास और जनभागीदारी से ही संभव है। सशस्त्र सीमा बल न केवल राष्ट्र की रक्षा करता है, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”

इस सफल आयोजन ने न केवल सहभागियों में चेतना का संचार किया, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी दिया।