परिसीमन पर खरगे का केंद्र पर हमला कहा सत्ता हथियाने की हो रही है साजिश 850 सीटें हुईं तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा
सेंट्रल डेस्क
नई दिल्ली/ परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार परिसीमन का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए कर रही है।
खरगे ने कहा हमने असम और जम्मू-कश्मीर में देखा है कि मोदी सरकार ने किस ढंग से अपने फायदे के लिए वहां परिसीमन का काम किया है। यानी ये लोग सिर्फ सत्ता को हथियाने की साजिश कर रहे हैं। पहले जब मोदी सरकार परिसीमन बिल लेकर आई थी तब वह गिर गया था। लेकिन उसके बाद अलग-अलग पार्टियों को तोड़ा गया ताकि संख्या बल जुटाकर सत्ता हथियाई जा सके। सीटें बढ़ाकर 850 कर दी गईं तो देश को बहुत बड़ा नुकसान होगा और लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि अगर पूरी सत्ता BJP के हाथ में चली गई, तो ये लोग संविधान भी बदल देंगे। उन्होंने कहा कि इसलिए कांग्रेस इस बिल का मजबूती से विरोध करेगी।परिसीमन को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है। विपक्ष का कहना है कि परिसीमन में पारदर्शिता होनी चाहिए और किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। सरकार की ओर से अभी इस पर विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है।

