बिहार में बढ़ता अपराध – हत्या, बलात्कार और डर के बीच जीता आम आदमी
संपादकीय
बिहार/ बिहार में इन दिनों अपराध की खबरें हर महीने हर हफ्ते सामने आ रही हैं। कहीं दिन-दहाड़े हत्या कहीं रात में वारदात, कहीं बलात्कार, तो कहीं प्रेम के जाल में फंसाकर नाबालिग लड़की से रेप और हत्या। कभी दोस्त ही दोस्त की हत्या कर देता है तो कभी भीड़ की हिंसा सामने आ जाती है। कभी-कभी तो पुलिस पर भी हत्या के आरोप लग जाते हैं।
आखिर बिहार में यह क्या हो रहा है न प्रशासन का भय, न लोगों में डर
आज सबसे बड़ी चिंता यही है कि अपराधियों में न प्रशासन का भय रह गया है न समाज का डर। बुजुर्गों के बीच भी अब यही चर्चा है कि आखिर ऐसे नए युवक क्यों पैदा हो रहे हैं, जिनके लिए हत्या और अपराध मामूली बात हो गई है।गांव के चौराहे से लेकर शहर के चौक तक एक ही सवाल उठ रहा है – क्या समाज की सोच बदल गई है या कानून का डर खत्म हो गया है।
खानापूर्ति में उलझा सिस्टम
पीड़ित परिवार जब प्रशासन के पास जाता है तो कई बार उसे सिर्फ खानापूर्ति ही मिलती है। FIR होती है आश्वासन मिलता है लेकिन न्याय की प्रक्रिया इतनी धीमी है कि लोगों का भरोसा टूटने लगता है।सरकार हर बार दावा करती है कि क्राइम कंट्रोल हो रहा है अपराध पर लगाम लगाई जा रही है। लेकिन जमीन पर हालात कुछ और ही कह रहे हैं। अपराध घटने की बजाय बढ़ते नजर आ रहे हैं।
आखिर जिम्मेदार कौन
क्या सिर्फ सरकार जिम्मेदार है या समाज भी
क्या सिर्फ पुलिस जिम्मेदार है।या परिवार, शिक्षा और संस्कार भी।सच यही है कि अपराध एक दिन में नहीं बढ़ता। जब बेरोजगारी, नशा, सोशल मीडिया का गलत असर, त्वरित न्याय का अभाव और राजनीतिक संरक्षण एक साथ मिल जाते हैं तब अपराध पनपता है।आज युवा को रोजगार नहीं, दिशा नहीं, संस्कार नहीं तो वह गलत रास्ते पर जा रहा है। प्रेम, दोस्ती और रिश्तों के नाम पर भी अपराध हो रहे हैं, जो समाज के लिए सबसे खतरनाक संकेत है।
अब लोगों की मांग क्या है
अब लोग सिर्फ बयान नहीं चाहते। लोग चाहते हैं । अपराध पर ठोस कार्रवाई, सिर्फ खानापूर्ति नहीं। त्वरित न्याय, सालों तक चलने वाला केस नहीं। पुलिस में जवाबदेही और पारदर्शिता।युवाओं के लिए रोजगार और सही मार्गदर्शन। नाबालिग लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त व्यवस्था
अंत में..
बिहार को बदनाम करने से कुछ नहीं होगा। बिहार को बचाना होगा। सरकार को यह समझना होगा कि अपराध के आंकड़े छिपाने से अपराध नहीं छिपेगा। जब तक आम आदमी सुरक्षित महसूस नहीं करेगा, तब तक विकास के सारे दावे अधूरे रहेंगे।

