लक्ष्मीनिया पंचायत के उप मुखिया का गंभीर आरोप – BDO, DM को आवेदन के बाद भी नहीं लगी बिजली जाति-आवास-जन्म प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे ग्रामीण
रिपोर्ट:सुरेंद्र कुमार
मधुबनी /लदनिया प्रखंड/बिहार सरकार डिजिटल पंचायत का दावा करती है लेकिन मधुबनी जिले के लदनिया प्रखंड की लक्ष्मीनिया पंचायत में हकीकत कुछ और ही है। यहां नया पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार है, उद्घाटन भी हो चुका है, लेकिन उद्घाटन के 4 महीने बाद भी आज तक बिजली कनेक्शन नहीं लगा है।
बिजली बिना ठप है पूरा पंचायत का काम
पंचायत के उप मुखिया ने बिहार हलचल न्यूज को बताया कि भवन में सारे सिस्टम, कंप्यूटर, प्रिंटर सरकार द्वारा दे दिया गया है, लेकिन सिर्फ बिजली न होने से पूरा कामकाज ठप है। जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए लोगों को रोज परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा हमने बिजली विभाग को कई बार लेटर दिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और जिलाधिकारी (DM) को भी आवेदन दिया लेकिन 4 महीना बीतने के बाद भी कनेक्शन नहीं दिया गया। किसी तरह जुगाड़ से काम चलाना पड़ रहा है।
वहीं पंचायत सचिव ने भी कहा कि सिर्फ बिजली कनेक्शन की कमी के कारण काम करने में भारी कठिनाई हो रही है। विभाग को कई बार पत्र लिखा गया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं। उन्होंने जल्द से जल्द कनेक्शन देने की अपील की है ताकि पंचायत का काम सुचारू हो सके।
बिजली विभाग बोला जल्द देंगे
जब इस मामले में बिजली विभाग से संपर्क किया गया तो विभाग के अधिकारी ने कहा कि जल्द ही कनेक्शन दे दिया जाएगा। लेकिन सवाल ये है कि उद्घाटन के 4 महीने बाद भी सरकारी भवन में बिजली क्यों नहीं ये बिजली विभाग की लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
अब सवाल आखिर लापरवाही किसकी
लक्ष्मीनिया पंचायत के प्रतिनिधि पूछ रहे हैं कि जब सब कुछ तैयार है तो सिर्फ एक कनेक्शन क्यों नहीं दिया जा रहा क्या ये विभागीय उदासीनता है या फिर कुछ और।

