बिहारराजनीतिक

बिहार विधान सभा के  अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में लोक लेखा समिति, प्राक्कलन समिति तथा सरकारी उपक्रमों से संबंधित समिति के कार्यों की समीक्षा हेतु संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

न्यूज डेस्क 

पटना/बिहार विधान सभा के  अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में लोक लेखा समिति, प्राक्कलन समिति तथा सरकारी उपक्रमों से संबंधित समिति के कार्यों की समीक्षा हेतु संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में तीनों वित्तीय समितियों की लंबित कंडिकाओं एवं उनके निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों ने बताया कि लोक लेखा समिति की 26 कंडिकाओं का निष्पादन किया गया है। पूर्व निर्देश के आलोक में शेष लंबित कंडिकाओं के निष्पादन हेतु महालेखाकार कार्यालय द्वारा 21 विभागों के साथ बैठक की जा चुकी है तथा इस माह 10 अन्य विभागों के साथ बैठक की जा रही है। सरकारी उपक्रमों से संबंधित समिति की कुल 766 लंबित कंडिकाओं में से 268 का निष्पादन किया जा चुका है। 18वीं विधान सभा के दौरान इस समिति की 88 कंडिकाओं का निष्पादन हुआ है। वहीं, प्राक्कलन समिति द्वारा वित्तीय वर्ष 2022–23, 2023–24 एवं 2024–25 के आय-व्यय की समीक्षा की जा रही है।

अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि तीनों वित्तीय समितियों की सभी लंबित कंडिकाओं का निष्पादन मार्च 2027 तक सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागों, वित्त विभाग तथा महालेखाकार कार्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि वित्तीय समितियाँ सरकारी व्यय की निगरानी, वित्तीय जवाबदेही तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित कंडिकाओं का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।