लेखक अभिलाष दत्ता की पाँचवीं पुस्तक यादों के एल्बम से का लखनऊ पुस्तक मेला में हुआ लोकार्पण
सुभाष सिंह यादव
मधुबनी / जयनगर अनुमंडल अंतर्गत बासोपट्टी प्रखंड के मानापट्टी गाँव से संबंध रखने वाले युवा लेखक अभिलाष दत्ता की पाँचवीं पुस्तक यादों के एल्बम से का लोकार्पण पिछले शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बलरामपुर गार्डन में आयोजित राष्ट्रीय पुस्तक मेला में सम्पन्न हुआ।
लेखक अभिलाष दत्ता ने किताब के बारे में बताया कि यह किताब संस्मरण विधा से संबंधित है। इसमें पंद्रह हास्य-व्यंग्य विधा के संस्मरण को शामिल किया गया है। जिसमें लेखक के जीवन के मजेदार घटनाओं को संकलित किया गया है। ‘यादों के एल्बम से बचपन से लेकर युवावस्था तक की उन यादों का संकलन है, जिनमें हँसी है, शरारत है, रिश्तों की गर्माहट है और जिंदगी के कुछ भावुक कर देने वाले पल भी। रोजमर्रा की छोटी-छोटी घटनाओं को लेखक ने अपने अनुभव और हास्यबोध के साथ इस तरह दर्ज किया है कि पाठक को इनमें कहीं न कहीं अपनी ही कहानी दिखाई दे। यह किताब सिर्फ लेखक की यादों का संग्रह नहीं, बल्कि उस दौर और उन रिश्तों की भी तस्वीर है, जिन्हें समय पीछे छोड़ आया है।
फ्लाईड्रीम्स पब्लिकेशन के मुख्य संपादक मिथिलेश गुप्ता ने बताया कि लेखक अभिलाष दत्ता की चार पुस्तक उनके प्रकाशन से प्रकाशित हो चुकी है। और अभिलाष दत्ता की अगली पुस्तक इसी वर्ष पटना पुस्तक मेला 2026 में आने वाली है।
अभिलाष दत्ता के पुस्तक लोकार्पण में पटना के वरिष्ठ लेखक कमल किशोर वर्मा, दिल्ली के वरिष्ठ लेखक अतुल, राम पुजारी, नीरा, समीर घोषाल, मोहित शर्मा, हीरालाल, योगेश कुमार, प्रियांशी कुमारी इत्यादि उपस्थित थे।

