बिहार

दुर्गा पूजा को लेकर रहिका थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, लाइसेंस लेकर ही आयोजन करने का निर्देश

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

अजय कुमार ठाकुर की रिपोर्ट

रहिका/ आगामी दुर्गा पूजा को लेकर गुरुवार को रहिका थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रहिका प्रखंड विकास पदाधिकारी आशुतोष कुमार, थाना अध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप सहित थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा का आयोजन करने वाली पूजा समितियों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल हुए। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि रहिका थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल 14 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। सभी पूजा समितियों से पूजा के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई। थाना अध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन-जिन स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है, वहां समिति को नियमानुसार लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही पूजा का आयोजन करना होगा।

उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पूजा समिति के सदस्यों को प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करना होगा। पूजा पंडाल, जुलूस, विसर्जन और भीड़ नियंत्रण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की बात कही गई। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल थाना को सूचना देने की अपील की गई।

बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष और पूजा समितियों के अध्यक्षों के बीच विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पूजा समितियों की ओर से भी आयोजन से संबंधित अपनी समस्याएं और सुझाव रखे गए। प्रशासन की ओर से समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया गया कि पूजा के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।