देश की खुशहाली का रास्ता खेतों और खलिहानों से होकर गुजरता है: मंगनी लाल मंडल
न्यूज डेस्क
पटना /राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में देश के पूर्व प्रधानमंत्री व किसान नेता स्व. चौधरी चरण सिंह एवं समाजवादी आंदोलन के प्रखर पुरोधा स्व. भूपेन्द्र नारायण मंडल की पुण्यतिथि संयुक्त रूप से मनाई गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के प्रदेश अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल जी ने की। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल ने कहा कि चौधरी साहब एक अद्वितीय किसान नेता थे। उनका स्पष्ट मानना था कि भारत की खुशहाली का रास्ता खेतों और खलिहानों से होकर गुजरता है। जब तक किसानों की दशा नहीं सुधरेगी, तब तक देश का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। उन्होंने राजनीति को सीधे गांवों और माटी से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिससे देश की अर्थव्यवस्था में किसानों और मजदूरों के योगदान को एक नई पहचान मिली। वे दृढ़ संकल्प और उच्च सिद्धांतों के नेता थे, जिन्होंने अपने विचारों से कभी समझौता नहीं किया।
स्व. भूपेन्द्र नारायण मंडल जी के योगदान को रेखांकित करते हुए श्री मंगनी लाल मंडल ने उन्हें महान समाजवादी योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1921 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन के दौरान भूपेन्द्र बाबू ने छात्रों का सफल नेतृत्व किया था। 1930 में वकालत के पेशे से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले भूपेन्द्र बाबू ने 1940 में मधेपुरा में छात्रों द्वारा चलाए गए ‘‘छुआछूत मिटाओ आंदोलन’’ में मुख्य भूमिका निभाई थी।
इन्होंने आगे कहा कि वे 1957 के आम चुनाव में सोशलिस्ट पार्टी से विधायक चुने गए और इसके बाद 1968 तथा 1972 में दो बार राज्यसभा के सम्मानित सदस्य रहे। सामाजिक न्याय और आजादी की लड़ाई लड़ते हुए वे परतंत्र भारत में दो बार और स्वतंत्र भारत में चार बार जेल भी गए। उन्होंने जीवनपर्यन्त शोषितों, वंचितों और गरीब-गुरबों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी प्रखरता के साथ लड़ी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री उदय नारायण चौधरी,राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, बिहार विधान परिषद के पूर्व उपसभापति डॉ रामचंद्र पुर्वे, प्रदेश महासचिव श्री मदन शर्मा, श्री नंदू यादव, श्री हरेंद्र कुशवाहा,श्री निर्भय कुमार अंबेडकर, श्री संजय यादव, डॉ प्रेम कुमार गुप्ता, भाई अरुण कुमार, प्रमोद कुमार सिन्हा, महेन्द्र प्रसाद विद्याथी, अशोक यादव श्री बच्चा कुमार सिंह, श्री कुमर राय, श्री मोहित कुमार यादव,डॉ लालदेव प्रसाद यादव, श्री संजय कुमार वर्मा,श्री गणेश कुमार यादव, श्रीमती रीना चौधरी, श्रीकांत व्यास, श्री सौरभ शर्मा, श्री दिनेश कुमार राम, डॉ राजेश कुमार सक्सेना, रामाशीष मिस्त्री, हेमंत कुमार, श्री मालू यादव,श्री चंदेश्वर प्रसाद सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

