पैक्स के माध्यम से नागरिकों मूलभूत एवं बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता।। सभी प्रखंडों में चयनित मॉडल विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ।। 3. 30 और 31 मई को होगी बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा
राजकुमार यादव
बिहटा / मुसेपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सह पैक्स अध्यक्ष हरेंद्र कुमार शास्त्री ने क्षेत्र में चुनावी दौरा करते हुए कहा कि जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। जिन्होंने हमें दो दो बार जनादेश दिया । अगर मुझे तीसरी बार जनता ने मौका दिया तो मूसेपुर पैक्स को आर्थिक रूप से सशक्त, सामाजिक रूप से न्यायपूर्ण एवं समावेशी विकास वाला विकसित पैक्स बनाने के हमारे संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी । हम पैक्स का प्राथमिकताओं को महत्व देते हुए सहकारिता के अनुरूप विकास की मुख्य धारा में आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं । उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मानक के अनुरूप विकास करने एवं पैक्स के माध्यम से नागरिकों को मूलभूत एवं बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित हैं। इस बार पैक्स जीत जाने के बाद जो अधूरे कार्य रह गए हैं उसे हर हाल में पूरा करेंगे पैक्स के माध्यम से खाद बीज, कीटनाशक दवा उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता होगी। जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों की गति मिलेगी। पैक्स में जनसुविधाओं के विस्तार एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया है। मेरी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में जन औषधी केन्द्र, खाद बीज, का लाइसेंस के साथ आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
2. सभी प्रखंडों में चयनित मॉडल विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ
पटना/ शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा राज्य के सभी प्रखंडों में चयनित मॉडल विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश जारी किया गया है। “उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य” के अंतर्गत प्रत्येक प्रखंड में एक उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इस क्रम में कक्षा 9 में नामांकन लिया जाएगा तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं मेरिट आधारित बनाया गया है।
नामांकन हेतु चयन प्रक्रिया NMMS परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर की जाएगी, जिसमें न्यूनतम 50% अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्राप्त अंकों के अवरोही क्रम (Descending Order) में मेधा सूची तैयार कर प्रत्येक मॉडल विद्यालय में कक्षा 9 के लिए न्यूनतम 40 सीटों पर नामांकन किया जाएगा। यदि NMMS उत्तीर्ण छात्रों की संख्या कम होती है, तो कक्षा 8 के अंकों के आधार पर अन्य इच्छुक छात्रों को भी अवसर प्रदान किया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी विवाद की स्थिति में अंतिम निर्णय जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा लिया जाएगा।
नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC), जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बैंक खाता विवरण शामिल हैं। नामांकन के समय अन्य सरकारी विद्यालयों के समान ही निर्धारित शुल्क लिया जाएगा तथा कोई अतिरिक्त शुल्क देय नहीं होगा। वर्तमान शैक्षणिक सत्र में निजी विद्यालयों के छात्रों का नामांकन सामान्यतः नहीं किया जाएगा, हालांकि भविष्य में कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से ऐसे छात्रों को शामिल किए जाने की संभावना जताई गई है।
यदि चयनित छात्र किसी कारणवश नामांकन नहीं लेते हैं, तो उन्हें अन्य नजदीकी विद्यालयों में नामांकन का अवसर मिलेगा। वहीं, संबंधित पंचायत के अन्य विद्यालयों के छात्र भी निर्धारित मानदंडों के अनुसार मॉडल विद्यालय में प्रवेश के पात्र होंगे। साथ ही, Model School से टैग की गई KGBV की छात्राएँ संबंधित विद्यालय में ही अध्ययन करेंगी। उल्लेखनीय है कि Project Girls School के रूप में चयनित संस्थानों में केवल छात्राओं का ही नामांकन किया जाएगा।
नामांकन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है तथा सभी संबंधित विद्यालयों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से पूर्ण करें। नामांकन से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं FAQs संबंधित विद्यालय के नोटिस बोर्ड तथा शिक्षा विभाग, बिहार की आधिकारिक वेबसाइट/NIC पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
3. 30 और 31 मई को होगी बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा, 22 मई को जारी होगा एडमिट कार्ड
पटना/बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (बीसीईसी परीक्षा) 2026 आगामी 30 मई और 31 मई को आयोजित की जाएगी। 30 मई को यह परीक्षा चार पालियों में और 31 मई को एक पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन बीते 15 अप्रैल से शुरू हो चुका है और यह 5 मई 2026 तक चलेगा।
पंजीकृत उम्मीदवार द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने के बाद 6 मई तक भुगतान किया जा सकता है। आवेदन पत्र में 7 मई से 8 मई तक किसी तरह का सुधार किया जा सकता है। वहीं, 22 मई को बीसीईसी परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने 14 अप्रैल 2026 को जारी अपने विज्ञापन के द्वारा इस परीक्षा में शामिल होने और चयन के बाद नामांकन के लिए इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किया है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा ली जाने वाली इस परीक्षा के आधार पर ही विभिन्न डिग्री कोर्सों के प्रथम वर्ष में नामांकन लिए जाएंगे।
राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेजों में संचालित बीटेक कोर्स और संजय गांधी गव्य प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना में होने वाले बीटेक कोर्स के प्रथम वर्ष में नामांकन के लिए जेईई (मुख्य) परीक्षा में सम्मिलित उम्मीदवारों के दो राउंड की ऑनलाइन काउंसिलिंग के बाद रिक्त सीटों को बीसीईसी परीक्षा 2026 के सफल उम्मीदवारों से भरा जाएगा। वहीं कृषि से जुड़े कोर्सों की बात करें तो बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के कृषि, उद्यान और वानिकी में स्नातक कोर्स की 50 प्रतिशत सीटें पीसीएम और पीसीबी की संयुक्त मेधासूची से भरी जाएंगी।
सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त बिहार के सरकारी फार्मेसी संस्थानों के डिग्री कोर्स में भी इसके आधार पर नामांकन होंगे। बिहार के सरकारी संस्थानों में मेडिकल से जुड़े फिजियोथेरेपी एवं ऑक्यूपेशनल थेरेपी, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, रेडियो इमेजिंग टेक्नोलॉजी, ऑप्टोमेट्री में स्नातक कोर्सों में इस परीक्षा के आधार पर ही दाखिला मिलेगा। वहीं बिहार में मौजूद सरकारी और निजी क्षेत्र के बीएससी नर्सिंग कोर्स और अन्य समान कोर्सों में भी इस परीक्षा के सफल उम्मीदवारों का नामांकन हो सकता है।
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2026 में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार पर्षद की वेबसाइट: bceceboard.bihar.gov.in पर जाकर इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यहां से परीक्षा की विवरण पुस्तिका (प्रॉस्पेक्टस) भी डाउनलोड की जा सकती है।

