मुख्यमंत्री ने उप मुख्यमंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों से विचार-विमर्श किया।। 2.मुख्यमंत्री ने तख्त श्रीहरिमंदिर जी में मत्था टेका, राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की
न्यूज डेस्क
पटना /मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज 4, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और उनके साथ विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ मुलाकात के दौरान वहां की कार्य पद्धति के संबंध में विभिन्न बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सचिवालय के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्यपदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
2.मुख्यमंत्री ने तख्त श्रीहरिमंदिर जी में मत्था टेका, राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की
पटना, 16 अप्रैल 2026 :- मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली तख्त श्रीहरिमंदिर जी परिसर, पटना साहिब पहुँचे। मुख्यमंत्री ने तख्त श्रीहरिमंदिर जी, पटना साहिब में मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्री हरिमंदिर जी प्रबंधक कमिटी के सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री को तलवार, अंगवस्त्र, सरोपा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि गुरू की प्रेरणा से देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। श्री नीतीश कुमार जी ने बिहार का लंबे समय तक नेतृत्व करते हुये राज्य को आगे बढ़ाया है। हमलोगों ने बेहतर तरीके से 350वां प्रकाश पर्व मनाया है। यहां की संरचना को काफी बेहतर किया गया है। श्री गुरुगोविंद सिंह जी महाराज की पूरे प्रदेश पर कृपा बनी रहे। राज्य समृद्ध हो, देश विकसित हो, यही हमारी कामना है।
इस अवसर पर विधायक डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेन्द्र राणा, पटना के जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा, अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारीगण, गुरूद्वारा प्रबंधक कमिटी के सदस्यगण, सेवादार एवं श्रद्धालुगण उपस्थित थे।

