जयनगर नगरपंचायत के वार्ड 08 में गंदगी का अंबार, नल-जल योजना फेल लोग परेशान
सुरेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
मधुबनी/जयनगर नगरपंचायत के वार्ड संख्या 08 स्थित गर्ल्स स्कूल एवं सोनार पट्टी क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। इलाके में सड़कों पर जगह-जगह कचरा बिखरा पड़ा है, जिससे न केवल क्षेत्र की सुंदरता प्रभावित हो रही है बल्कि स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नियमित सफाई नहीं होने के कारण कचरे का ढेर दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। स्कूल के आसपास भी गंदगी का यही आलम है, जिससे छात्राओं को आने-जाने में भारी परेशानी होती है। अभिभावकों ने चिंता जताई है कि इस तरह की गंदगी से बच्चों में बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
वहीं, मुख्यमंत्री बिहार के सात निश्चय योजना के अंतर्गत लगाए गए नल-जल योजना की स्थिति भी बदहाल है। कई जगहों पर पाइप कटे हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे पानी की सप्लाई बाधित हो रही है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस योजना से उन्हें नियमित और स्वच्छ पेयजल मिलने की उम्मीद थी, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह योजना पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
इसके अलावा, क्षेत्र में लगाए गए कचरा बॉक्स भी अपनी उपयोगिता खोते नजर आ रहे हैं। कई जगह कचरा बॉक्स ओवरफ्लो हो चुके हैं, लेकिन समय पर कचरा उठाव नहीं होने के कारण कचरा सड़कों पर फैल जाता है। इससे बदबू और गंदगी की समस्या और बढ़ जाती है।
सबसे गंभीर समस्या सोनार पट्टी के आसपास नालों में खुलेआम मूत्र त्याग की है। स्थानीय लोग मजबूरी या लापरवाही के चलते नालों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। इस बदबू से आसपास रहने वाले लोग निवासियों ने नगरपंचायत के चुनिन्दा सदस्य से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और नल-जल योजना की मरम्मत नहीं हुई, तो स्थिति और भी खराब हो सकती है।निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और नल-जल योजना के खराब पाइपों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही, नालों में खुले में मूत्र त्याग पर रोक लगाने के लिए भी उचित कदम उठाए जाएं।अब देखना यह है कि नगरपंचायत प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी जल्दी संज्ञान में लेकर समाधान करता है, ताकि वार्ड 08 के लोगों को राहत मिल सके।

