बिहारसंस्कृति

भारतीय नृत्य कला मंदिर में फाल्गुनोत्सव 2026 का भव्य आयोजन

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

पटना /कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा भारतीय नृत्य कला मंदिर, पटना द्वारा आयोजित “फाल्गुनोत्सव 2026 ” सांस्कृतिक कार्यक्रम मुक्ताकाश मंच पर गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सुश्री कहकशाँ, प्रशासी पदाधिकारी, भारतीय नृत्य कला मंदिर सहित श्रीमती सोमा मंडल, श्री सरोज दास एवं श्रीमती अरुणिमा गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिमय वातावरण में शिव वंदना की सुमधुर प्रस्तुति के साथ हुई, जिससे संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिभूत हो उठा।

सचिव श्री प्रणव कुमार ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का पर्व है। फाल्गुनोत्सव उसी भावना का सांस्कृतिक उत्सव है, जहाँ कला के माध्यम से समाज में सौहार्द, एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रसार होता है।

उन्होंने सभी कलाकारों एवं उपस्थित दर्शकों को संस्कृति के प्रति उनके प्रेम, समर्थन एवं सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है तथा ऐसे आयोजन कलाकारों को सशक्त मंच प्रदान करते हैं।

IMG 20260302 WA0003 भारतीय नृत्य कला मंदिर में फाल्गुनोत्सव 2026 का भव्य आयोजनसांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य एवं सुगम संगीत की विविध और मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईं—
• प्रारंभ में शिव वंदना की भक्तिमय प्रस्तुति दी गई।
• भारतीय नृत्य कला मंदिर के कलाकारों द्वारा कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
• श्रीमती शोभा मंडल द्वारा भरतनाट्यम की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
• श्री सरोज दास द्वारा सुगम गायन की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई।
• श्रीमती अरुणिमा गुप्ता द्वारा सुगम गायन की मधुर प्रस्तुति दी गई।

सभी प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा |
कार्यक्रम में सहायक निदेशक सह सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ अजय कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मीगण ने शोभा बढ़ाई ।
कला प्रेमियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं बड़ी संख्या में दर्शकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया गया।