बिहारक्राइम

अब और नहीं सहेंगे दलितों का अपमान

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

हाजीपुर/वैशाली गोरौल प्रखंड के सोंधो दुल्लह पंचायत के अंधारीगाछी हाट स्थित शिव मंदिर के सामने सड़क पर शव जलाए जाने की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस अमानवीय घटना पर भारतीय जनता मजदूर संघ (BJMS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बेहद सख़्त तेवर अपनाते हुए प्रशासन को खुली चेतावनी दी है।
जयप्रकाश चौधरी ने कहा कि मृत्यु के बाद सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। किसी दलित या किसी भी समाज के व्यक्ति को श्मशान घाट तक जाने का रास्ता न देकर सड़क पर शव जलाने के लिए मजबूर करना कानून, संविधान और मानवता—तीनों पर हमला है।
BJMS अध्यक्ष ने दो टूक कहा,“यदि भविष्य में इस तरह की घटना दोहराई गई तो BJMS इसे सामान्य मामला नहीं मानेगा। यह सामाजिक अपराध है और इसके खिलाफ़ संगठन जिला नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन छेड़ेगा। प्रशासन की चुप्पी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल दोषियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की और श्मशान घाट तक जाने वाले सभी रास्तों को अविलंब अतिक्रमणमुक्त कर सार्वजनिक करने का निर्देश जारी करने की अपील की।
जयप्रकाश चौधरी ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाएं सामाजिक सौहार्द को तोड़ने वाली हैं और यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इसका खामियाजा व्यवस्था को भुगतना पड़ेगा।

BJMS की मांग 

शवदाह स्थलों तक जाने वाले सभी रास्ते तत्काल सार्वजनिक किए जाएं।
दोषियों एवं लापरवाह अधिकारियों पर सख़्त दंडात्मक कार्रवाई हो।
जिले के प्रत्येक श्मशान घाट का प्रशासनिक ऑडिट कराया जाए।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु लिखित प्रशासनिक आदेश जारी हों।
जिले के चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कुमार राजू उर्फ राजू राय,सुनील कुमार सिंह उर्फ अमोद जी,जय प्रकाश श्रीवास्तव समेत कई अन्य ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि
सड़क पर शव जलाना प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना की हार है। अगर इस पर अभी सख़्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं बढ़ेंगी। यह पूरे समाज के लिए खतरे की घंटी है।