187 करोड़ रुपये की लागत से 231 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास ।। 2.2 .रीगा चीनी मिल के पुनरुद्धार कार्य का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
पटना /मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रगति यात्रा के क्रम में शिवहर जिला में 187 करोड़ रुपये की लागत से 231 योजनाओं से संबंधित शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने पिपराही प्रखंड के मेसौढा ग्राम पंचायत में 130.33 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन के शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण कर महिला सभाकक्ष, पुस्तकालय, सरपंच कार्यालय आदि का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां बहुत सुंदर ढंग से पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो गया है, इससे लोगों को काफी फायदा मिलेगा। ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों को भी सहूलियत होगी। नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन के परिसर में मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत मनरेगा द्वारा निर्मित तालाब का मुआयना किया। मुआयना के क्रम में मुख्यमंत्री ने तालाब में जीरा (मछली का बच्चा) छोड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाब का निर्माण काफी अच्छे ढंग से किया गया है। इसके चारों तरफ पौधे लगाए जाने से यहां का दृश्य आकर्षक हो गया है। इस तालाब में जीविका दीदियां मछली पालन कर सकेंगी, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी। इस अवसर पर चमेली जीविका महिला ग्राम संगठन से जुड़ी दीदियों ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत अपशिष्ट पदार्थों से बनाए जा रहे जैविक खाद्य का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत मेसौढा अंतर्गत पिपराही में 15.62 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित जीविका भवन के शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने चमेली जीविका महिला ग्राम संगठन से जुड़ी जीविका दीदियों को नवनिर्मित जीविका भवन की चाबी प्रदान की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से संवाद कर उनकी बातें सुनी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। साथ ही उन्हें आर्थिक मजबूती भी मिल रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कई काम कराए जा रहे हैं। बिहार में जब हमलोगों की सरकार बनी तो हम लोगों ने स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया। इसके लिए वर्ष 2006 में विश्व बैंक से ऋण लेकर स्वयं सहायता समूहों को बढ़ाने का काम शुरू किया गया। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं का नाम जीविका दीदी हमने ही दिया। बिहार में महिलाओं के उत्थान और उन्हें सशक्त बनाने के लिए कई काम किए गए हैं, उसे आप सभी याद रखियेगा। हम लोग निरंतर महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। आप सभी जीविका दीदियां काफी अच्छा काम कर रही हैं। इसी तरह मन लगाकर आप सभी काम करें। आपकी जो भी जरूरते होंगी उसे पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बुनियाद केंद्र पिपराही का भी निरीक्षण किया। यहां लोगों को फिजियोथेरेपी, एक्सरसाइज थेरेपी सहित अन्य उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां काफी अच्छा काम हो
रहा है। इससे लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगे। यहां लोगों को कई प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, जीविका, पर्यटन विभाग, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, जिला प्रशासन सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 5580 जीविका स्वयं सहायता समूहों के 55709 जीविका दीदियों को बैंक लिंकेज के द्वारा 49 करोड़ 88 लाख रुपये का सांकेतिक चेक आर्थिक सहयोग के रूप में प्रदान किया। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री निजी (अन्य प्रजाति) पौधाशाला प्रोत्साहन राशि के तहत 2 लाख 18 हजार 430 रुपये का सांकेतिक चेक लाभुक श्रीमती गायत्री देवी (जीविका दीदी) को प्रदान किया। 529 सतत् जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को आर्थिक सहयोग के रूप में 1 करोड़ 61 लाख 47 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र, कामगार एवं शिल्पकार सुरक्षा (संशोधन) योजना, मुख्यमंत्री अन्तरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, मुख्यमंत्री निःशक्त प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक मुख्यमंत्री ने लाभुकों को प्रदान किया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित शिवहर-मीनापुर-कांटी / कुशहर देवकुली धाम सड़क चौड़ीकरण / फोरलेन का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से प्रस्तावित फोरलेन के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। वर्तमान में इस पथ की लंबाई 20.43 किलोमीटर है जबकि चौड़ाई 7 मीटर है। प्रस्तावित पथ (फोरलेन) का काम पूरा हो जाने के बाद पथ की लंबाई 20.43 किलोमीटर जबकि चौड़ाई 14 मीटर होगी। वर्तमान में शिवहर से पटना मुख्यालय जाने में 4 से 5 घंटे लगते हैं। इस पथ के बन जाने के बाद तीन घंटे में पटना मुख्यालय पहुंचा जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस काम को यथाशीघ्र शुरू कराकर जल्द से जल्द पूरा कराएं। इस काम के पूरा हो जाने से लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया गया।
इस अवसर उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण सह शिवहर जिले के प्रभारी मंत्री श्री जमा खान, सांसद श्रीमती लवली आनंद, विधायक श्री चेतन आनंद, पूर्व सांसद श्री आनंद मोहन, विकास आयुक्त श्री प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, ए०डी०जी० पुलिस मुख्यालय श्री कुंदन कृष्णन, मिथिला प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री बाबू राम, जिलाधिकारी श्री विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक श्री शैलेश कुमार सिन्हा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
2 .रीगा चीनी मिल के पुनरुद्धार कार्य का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
सीतामढ़ी जिले के रीगा चीनी मिल के पुनरुद्धार कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सीजन 2024-25 के लिए चीनी मिल संचालन का गन्ना का बंडल डालकर शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रीगा चीनी मिल के संचालन कार्यों की जानकारी ली और मिल परिसर का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री को कार्यक्रम के दौरान प्रतीक चिह्न, अंगवस्त्र एवं फूलों का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया गया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने डुमरा प्रखंड के मनियारी गांव के विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से सीतामढ़ी जिले के लिए 236 करोड़ 60 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके तहत 141 करोड़ 12 लाख 92 हजार रुपये की योजनाओं का उद्घाटन तथा 95 करोड़ 47 लाख 78 हजार रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत निर्मित सतुआही पोखर, मनियारी (डुमरा में) नौका विहार तथा पोखर किनारे योग सह ध्यान केंद्र, खुला व्यायामशाला एवं बाल क्रीड़ा स्थल का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान का गुब्बारा उड़ाया। मुख्यमंत्री ने सतुआही पोखर में दो हंसों के जोड़ा को भी छोड़ा। योग सह ध्यान केंद्र का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने तालाब के निरीक्षण के दौरान कहा कि इसके चारों तरफ सीढ़ी बनाएं और बगल में सुरक्षात्मक घेरा बनाएं ताकि कोई तालाब में न गिरे। तालाब ऐसा बनाएं कि यह देखने में आकर्षक लगे और साथ ही यहां लोगों के घूमने एवं बैठने के लिए भी समुचित व्यवस्था हो।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जीविका दीदियों को 36 करोड़ 57 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। इस दौरान जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी जिसका मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से कहा कि वर्ष 2006 में हमने जीविका की शुरुआत की। हमने इसे ‘जीविका’ नाम दिया और इससे जुड़नेवाली महिलाओं को ‘जीविका दीदी’ कहा। बाद में उस समय की केंद्र सरकार ने बिहार के जीविका के कार्यों की सराहना की और इसका अनुकरण करते हुए पूरे देश में ‘आजीविका’ नाम से इसे शुरू किया। जीविका दीदियों के हित के लिए हमने कई कार्य किए हैं। आपलोग इसे याद
रखिएगा। आपलोग बहुत अच्छा काम कर रही हैं, इसे देखकर मुझे काफी प्रसन्नता हो रही है। हम चाहते हैं कि आपलोग हमेशा आगे बढ़ते रहिए। मुख्यमंत्री ने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मनरेगा, कृषि विभाग, जिला यक्ष्मा केंद्र, उद्योग विभाग, कुशल युवा कार्यक्रम, समेकित बाल विकास परियोजना आदि विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कन्या उत्थान योजना के अंतर्गत जन्म देनेवाली माताओं को 2000 रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। ई-रिक्शा के लाभुकों, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न लाभकारी योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत मनिहारी के नये पंचायत सरकार भवन का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया और पंचायत सरकार भवन के विभिन्न केंद्रों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान सीतामढ़ी पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने बेलसंड प्रखंड अंतर्गत मधकौल टूटान स्थान का हवाई निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री सह सीतामढ़ी जिला के प्रभारी मंत्री श्री अशोक चौधरी, सांसद श्री देवेश चंद्र ठाकुर, सांसद श्रीमती लवली आनंद, विधायक श्री पंकज मिश्रा, विधायक श्री चेतन आनंद, विधायक श्री अनिल राम, विधायक श्रीमती गायत्री देवी, विधायक श्री मोतीलाल प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, विकास आयुक्त श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज कुमार, ए०डी०जी० श्री कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री बी० कार्तिकेय धनजी, सीतामढ़ी जिला के जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार तिवारी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।