बिहार

राज्य के सभी मछुआरों को मिलेगा 5 लाख रूपये का मुफ्त बीमा: हरि सहनी

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

राजकुमार यादव 

गया / बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ के तत्वावधान में नगर प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति, गया में कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन समारोह अत्यंत भव्य एवं गरिमामयी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के मछुआरा समुदाय, स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न गणमान्य अतिथियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारम्भ पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों में उत्साह एवं उमंग का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीण एवं मछुआरा समुदाय को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिलेगा। सेन्टर को सुचारू रूप से संचालन के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सीएससी किट उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता बिहार विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व मंत्री श्री हरि सहनी ने कहा कि यह पहल मछुआरा समाज के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेन्टर के माध्यम से स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। राज्य के सभी मछुआ समितियों में कॉमन सर्विस सेन्टर खोला जाएगा एवं राज्य के सभी मछुआरो का निबंधन कराया जाएगा।

इस कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ के प्रबंध निदेशक ऋषिकेश कश्यप उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कॉफ्फेड लगातार मत्स्यजीवी समाज के उत्थान हेतु कार्य कर रहा है तथा कॉमन सर्विस सेन्टर के माध्यम से बीमा, बैंकिंग, डिजिटल सेवाएं, प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल समाज के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। राज्य के सभी मछुआरो का निःशुल्क 5 लाख रूपये का बीमा किया जायेगा। साथ ही सभी मछुआरो को मत्स्य किसान क्रेडिट कार्ड निर्गत किया जायेगा।

इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में कॉफ्फेड के निदेशकगण् शिवनंदन प्रसाद, अशोक कुमार चौधरी, राकेश कुमार एवं नगर प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति लि० के मंत्री अशोक कुमार एवं अध्यक्ष मो० नवाब अली की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मछुआरा समुदाय के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से मात्स्यिकी सेवाओं का विस्तार, मछुआरा समुदाय के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर, बीमा, बैंकिंग एवं अन्य सरकारी सेवाओं की उपलब्धता एवं ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा जैसे विषयों की जानकारी दी गइ।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन न केवल गया जिले बल्कि पूरे बिहार के मत्स्यजीवी समाज के लिए विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

इस बैठक में कॉफ्फेड की निदेशक, सिमरन तथा पदाधिकारीगण् रवि राज, मार्केटिंग मैनेजर एवं राहुल कुमार, असिस्टेंट सोशल मीडिया मैनेज़र उपस्थित थे।