भारत-नेपाल सीमा पर नो मेंस लैंड इलाके में प्रशासन ने संयुक्त अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया
न्यूज डेस्क
मधुबनी जिले के जयनगर अनुमंडल क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित नो मेंस लैंड इलाके में प्रशासन ने संयुक्त अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया। इस कार्रवाई में भारतीय प्रशासन, पुलिस बल, एसएसबी तथा नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) ने मिलकर सीमा क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाए।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जयनगर पुलिस और नेपाल पुलिस की टीम ने इनरवा, बलडीहा और अकोन्हा बॉर्डर क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सीमा क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था।
अभियान के दौरान जयनगर डीएसपी राघव दयाल, बीडीओ राजीव रंजन, एसएसबी कमला बीओपी प्रभारी काशी पलदान, जयनगर थाना पुलिस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। वहीं नेपाल की ओर से एपीएफ इनरवा बीओपी के इंस्पेक्टर संजीत मननधार, एएसआई जुनार परियार समेत जवानों की तैनाती की गई थी।
अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह संयुक्त कार्रवाई भारत और नेपाल के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग का उदाहरण मानी जा रही है, जिससे सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।

