देश - विदेशबड़ी खबरेबिहारशिक्षासंस्कृतिस्वास्थ्य

बिहार में 13.15 लाख किशोरियों को लगेगा एचपीवी बचाव का टीका ।। 2.आंगनबाड़ी के 51 लाख बच्चों में आज होगा ड्रेस का वितरण।। 3. कार्य क्षमता बढ़ाने में करें चैट जीपीटी, एआई जैसे अन्य का इस्तेमालः प्रधान सचिव।। 4.राज्य के 6 जिलों में 62 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा आधुनिक बस डिपो।। 5. कैंसर से बेटियों की सुरक्षा हेतु देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ ऐतिहासिक पल : मंगल पांडेय ।। 6. राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर नन्हे वैज्ञानिकों ने नाम रौशन किया

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

राजकुमार यादव 

पटना/महिलाओं में सर्वाकल कैंसर से सुरक्षा और बचाव को लेकर राज्य में चलाए जाने वाले टीकाकरण अभियान का शुभारंभ शनिवार को पटना के इंदिरा गांधी आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमस) में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि बिहार में 14-15 वर्ष आयु की करीब 13 लाख 15 हजार किशोरियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) से बचाव का टीका लगाया जाएगा। यह अभियान आगामी तीन महीने तक चलाया जाएगा। इस अवसर पर राजस्थान के अजमेर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों राष्ट्रीय टीकाकरण के शुभारंभ कार्यक्रम को लाइव प्रसारण के माध्यम से दिखाया गया।
आईजीआईएमस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंगल पांडेय ने कहा कि महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर की शिकायत सबसे अधिक होती है। पिछले साल देश भर में 78 हजार 499 मरीजों की इस बीमारी की वजह से मौत हो गई थी। यह समाज की एक बहुत बड़ी क्षति थी। समस्या को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह संकल्प लिया है कि भविष्य में वह बेटियों का जीवन बचाने का काम करेंगे।
सर्वाइकल कैंसर की बीमारी से किसी बेटी की मौत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि बिहार को भारत सरकार ने टीका का 6.5 लाख डोज उपलब्ध करा दिया है। यह सभी डोज जिलों में भेजे जा रहे हैं। टीका का डोज जिला अस्पताल से प्रखंड स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक में उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश के स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक बड़ा अध्याय शुरू करने वाला है।
सचिव लोकेश कुमार सिंह ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बिहार में पहले से ही अभियान चल रहा है। अभियान के तहत 9-14 साल उम्र की बच्चियों को टीका का पहला और छह महीने के अंतराल पर दूसरा डोज दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन बच्चियों को अभी दूसरा डोज नहीं दिया जा सका है, उन्हें भी जल्द ही इसका लाभ दिया जाएगा। साथ ही भारत सरकार की ओर से शुरू किए गए अभियान के तहत टीका का पहला डोज भी किशोरियों को दिया जाएगा। उन्होंने स्कूलों में इस अभियान को युद्धस्तर पर चलाने के लिए विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय, डॉ. अनुपमा सिंह, डॉ. मनीष मंडल, अमिताभ सिंह, डॉ राजेश कुमार के साथ दूसरे पदाधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

 

2.आंगनबाड़ी के 51 लाख बच्चों में आज होगा ड्रेस का वितरण

पटना/ग्रामीण विकास विभाग की ओर से राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दो सेट ड्रेस दिए जाएंगे। इसकी शुरुआत ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार के हाथों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर रविवार को किया जाएगा। योजना के अनुसार प्रथम चरण में करीब 51 लाख बच्चों को दो-दो सेट ड्रेस देने की तैयारी है। रविवार को राज्य स्तर पर होने वाले शुभारंभ के क्रम में विभागीय मंत्री खुद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के कर्मभूमि पश्चिम चंपारण और इसके बाद बगहा में ड्रेस का वितरण करेंगे।
इस संबंध में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वर्ष 2022 में मुंगेर जिले से शुरू हुआ बिहार का पहला दीदी सिलाई केंद्र आज राज्य के 15 जिलों में 25 आधुनिक सिलाई उत्पादन-सह-प्रशिक्षण केंद्रों के रूप में विस्तार पा चुका है। इसके साथ ही सभी प्रखंडों में दो-दो उप-सिलाई केंद्र संचालित हो रहे हैं। इस प्रकार कुल 1050 सिलाई केंद्रों के माध्यम से लगभग एक लाख जीविका दीदियां आजीविका से जुड़ रही हैं, जो अपने पैरों पर खड़े होने की सशक्त मिसाल हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे बिहार की पहली पाठशाला के विद्यार्थी हैं। उनके सपने भले ही छोटे हों, लेकिन उनकी संभावनाएं असीम हैं। जीविका दीदियों के हाथों तैयार पोशाक केवल पहनावा नहीं, बल्कि बराबरी का एहसास, आत्मविश्वास और सम्मान का प्रतीक है। हर पोशाक में दीदियों की मेहनत के साथ ममत्व और संवेदना जुड़ी है।

 

3. कार्य क्षमता बढ़ाने में करें चैट जीपीटी, एआई जैसे अन्य का इस्तेमालः प्रधान सचिव

 

पटना/राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तत्वावधान में शनिवार को मुंगेर स्थित प्रेक्षागृह में राजस्व प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजस्व विभाग के प्रधान सचिव श्री सीके अनिल ने लोगों की फरियाद को सुनी और उसका निष्पादन करने का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया।
समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव ने कहा कि अधिकारियों में यह प्रशासनिक क्षमता होनी चाहिए कि वे अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों और कर्मचारियों की कैपेसिटी विल्डप कर उनकी क्षमता को मजबूत कर सकें। उन्होंने भू राजस्व पदाधिकारियों, अंचल पदाधिकारियों और बंदोबस्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी कार्य क्षमता को बढ़ाने के लिए चैट जीपीटी, एआई सहित अन्य टूल्स का इस्तेमाल करें।
प्रधान सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा एक साल में सर्वे का कार्य खत्म करने का निर्देश दिया गया है। इसमें तेजी लाई जाए और सर्वे अमीन अपनी डायरी को प्रतिदिन भरकर उसे पोर्टल पर अपलोड करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले यह इंट्री साप्ताहिक होती थी, लेकिन इसे प्रतिदिन करना है ताकि सर्वे अमीन के द्वारा किए जाने वाले कार्यों का दैनिक प्रतिवेदन मुख्यालय को प्राप्त हो सके। प्रधान सचिव ने कार्यालयों में मुंशी और दलालों की प्रथा को समाप्त करने के लिए पहले ही पत्र विभाग द्वारा निर्गत किया गया है। यह प्रथा भी दहेज प्रथा और सती प्रथा जैसी एक सामाजिक बुराई है।

प्रधान सचिव ने की राजस्व विभागों के कार्यों की समीक्षा

राजस्व प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मुंगेर पहंचे राजस्व विभाग के प्रधान सचिव श्री सीके अनिल अधिकरियों के साथ बैठक कर राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा की। जिसमें उन्होंने परिमार्जन प्लस की प्रगति, दाखिल-खारिज / नामांतरण वादों की स्थिति, भूमि विवादों का निष्पादन, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, डीसीएलआर न्यायालयों में लंबित वाद, भूमि मापी की प्रगति, राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली की स्थिति और राज्य में चल रहे भूमि सर्वेक्षण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उसके बाद मुख्यालय से पुहंचे वरीय अधिकारियों को आवंटित किए गए अंचलों की समीक्षा करने के लिए भेजा गया।

मुंगेर के पांच अंचलों में 306 मौजा का हुआ अंतिम प्रकाशन

मुंगेर जिले के पांच अंचलों में स्थित 306 मौजों में प्रथम चरण का सर्वे का कार्य प्रारंभ किया गया था, जिसमें 108 मौजा का अंतिम प्रकाशन कर लिया गया है। जबकि 298 मौजा का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जा चुका है।

दाखिल खारिज के 13196 मामले निष्पादित

प्रधान सचिव ने दाखिल खारिज से संबंधित मामलों की समीक्षा की, जिसमें 1 अप्रैल 2025 से 26 फरवरी 26 तक 19220 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 13196 मामलों का निष्पादन कर दिया गया था। वहीं विभिन्न त्रुटियों के कारण 3834 आवेदनों को वापस किया गया है, जबकि 6024 मामले लंबित पाए गए। प्रधान सचिव ने तुरंत उसे निष्पादन करने का निर्देश दिए। इसी प्रकार 1 अप्रैल 25 से लेकर 26 फरवरी तक ऑन लाइन दाखिल खारिज के कुल 120051 मामले आए थे, जिसमें 118966 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है। जो 88 फीसदी है।

10 माह में परिमार्जन प्लस के 27688 आवेदनों को किया गया निष्पादित

समीक्षा के दौरान पाया गया कि 1 अप्रैल 25 से लेकर 26 फरवरी 26 तक परिमार्जन प्लक के 33410 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 27688 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है। वहीं 827 मामले वापस किए गए है। जबकि 5805 मामले अभी तक लंबित है।
इसी प्रकार ई मापी से संबंधित 2406 मामले निष्पादित किए गए हैं। जबकि 1410 मामले लंबित हैं।

अभियान बसेरा-2 के तहत जिले में 952 लोगों को भूमि आवंटित किया गया

मुंगेर जिले के 9 अंचलों में 1634 भूमि का सर्वे कर 952 लोगों को भूमि आवंटित किया गया है। जो 58.26 फीसदी है।
इसी प्रकार महाअभियान के तहत 64916 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 61480 आवेदन सही पाए गए थे। जिसमें जमाबंदी सुधार के 38889 आवेदन थे। समीक्षा बैठक में विभाग के सचिव श्री जय सिंह के अतिरिक्त सचिव स्तर के अन्य अधिकारियों के साथ-साथ भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय, चकबंदी निदेशालय, भू-अर्जन निदेशालय तथा कृषि गणना से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।

 

4.राज्य के 6 जिलों में 62 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा आधुनिक बस डिपो

पटना/बिहार में इलेक्ट्रिक बस सेवा को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने छह प्रमुख शहरों में आधुनिक बस डिपो के निर्माण का फैसला लिया है। परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया में कुल 62 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से सरकारी डिपो बनाए जाएंगे। यह कार्य प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत किया जा रहा है। डीपो का निर्माण भवन निर्माण विभाग द्वारा होगा। इनके बनने से ई बसों का संचालन, रखरखाव और चार्जिंग सुविधा में काफी सुधार होगा। साथ ही ड्राइवर-कंडक्टरों को बेहतर आराम की व्यवस्था मिलेगी।

डिपो में उपलब्ध होंगी ये आधुनिक सुविधाएं प्रति डिपो में प्रशासनिक भवन

कार्यशाला, बस धुलाई रैंप, एक साथ कई बसों की पार्किंग क्षमता, चार्जिंग स्टेशन के अलावा, पावर बैकअप मौजूद होगा। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय, लगभग 2 मीटर ऊंची सीमा दीवार व फीडिंग रूम भी होगा।

जिलेवार अतिरिक्त सुविधाएं

मुजफ्फरपुर- टर्मिनल सह सार्वजनिक प्रतीक्षालय क्षेत्र, शेड, सड़क, पेवर ब्लॉक, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म व गार्ड रूम गया- सड़क, पेवर ब्लॉक, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म, दुकान, टर्मिनल व ई-बस चार्जिंग स्टेशन भागलपुर- पेवर ब्लॉक, सड़क, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म, सीमा दीवार, गार्ड रूम, टर्मिनल और ई-बस स्टेशन पर शेड पूर्णिया- टर्मिनल सह सार्वजनिक प्रतीक्षालय क्षेत्र, शेड, पेवर ब्लॉक, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म दरभंगा- शेड, पेवर ब्लॉक, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म, गार्ड रूम, सीमा दीवार परिवहन मंत्री ने कहा कि ये आधुनिक डिपो इलेक्ट्रिक बसों के सुरक्षित संचालन, बेहतर रखरखाव, यात्रियों की सुविधा और चालक कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ही सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

 

5. कैंसर से बेटियों की सुरक्षा हेतु देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ ऐतिहासिक पल: मंगल पांडेय 

पटना/ देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ राष्ट्रीय स्तर पर किया। इस अभियान का लक्ष्य हर साल सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 14 साल की लगभग 1.15 करोड़ लड़कियों को टीका लगाना है। टीका तय सरकारी हेल्थ सेंटर पर मुफ्त में दी जाएगी। एचपीवी टीकाकरण के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान के शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमारी सरकार सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा ने भी अपना संबोधन किया। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पाण्डेय स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पटना स्थित आईजीआईएमएस परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़े तथा माननीय प्रधानमंत्री के अभिभाषण को सुना।

स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय ने कहा कि राज्य के लिए ये गर्व की बात है कि बिहार ने सबसे पहले एचपीवी टीकाकरण की शुरूआत की। बिहार ने लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व ही माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 9 -14 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों के लिए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम प्रारंभ किया था। उस समय दो-डोज प्रणाली के अंतर्गत टीकाकरण किया गया। अब तक राज्य में 6, लाख 79 हजार से अधिक किशोरियों को प्रथम डोज तथा 85,000 से अधिक को द्वितीय डोज प्रदान की जा चुकी है। शेष पात्र किशोरियों को निर्धारित समयावधि पूर्ण होने पर दूसरी खुराक दी जाएगी। राज्य सरकार की यह योजना अब भारत सरकार के राष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ समाहित कर दी जाएगी। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद दूसरा सबसे आम कैंसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने संकल्प लिया है कि भविष्य में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाया जाएगा और इस बीमारी से होने वाली मौतों को रोका जाएगा। बिहार को इस वर्ष 14 -15 वर्ष आयु वर्ग की 13 लाख किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। राज्य के सभी जिलों एवं प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

श्री पांडेय मंत्री ने कहा कि “स्वस्थ बेटी, सुरक्षित बिहार – सशक्त होगा हमारा संसार” के संकल्प के साथ यह अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने राज्य स्वास्थ्य समिति, जिला स्वास्थ्य अधिकारियों एवं सभी स्वास्थ्यकर्मियों से लक्ष्य प्राप्ति हेतु समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार निर्धारित 13 लाख टीकाकरण लक्ष्य को समयबद्ध रूप से प्राप्त करेगा और देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करेगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश सिंह ने भी अपने संबोधन में टीकाकरण की गतिशीलता पर जोर दिया। इस कार्यक्रम के अवसर पर श्री लोकेश कुमार सिंह, सचिव, स्वास्थ्य विभाग, श्री अमित कुमार पाण्डेय, कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति, श्रीमती अनुपमा सिंह, संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य विभाग, श्री अमिताभ सिंह, आप्त सचिव, स्वास्थ्य मंत्री, श्री राजेश कुमार, प्रशासी पदाधिकारी, राज्य स्वास्थ्य समिति, मनीष मंडल चिकित्सक अधीक्षक आईजीआईएमएस के साथ अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहें, साथ ही आईजीआईएमएस के अन्य अधिकारी, चिकित्सक गण और कर्मचारी समेत राज्य स्वास्थ्य समिति के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी भी मौजूद रहें।

 

6. राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर नन्हे वैज्ञानिकों ने नाम रौशन किया

बिहटा / राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बिहटा (NSIT) में जिला स्तरीय भव्य विज्ञान प्रतियोगिता में आयोजित की गईं।बिहटा पब्लिक स्कूल के छात्रों ने अपनी मेधा का परचम लहराया। स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी नवीन सोच और बेहतरीन मॉडल्स के दम पर प्रतियोगिता में शानदार जीत दर्ज की प्रतियोगिता के दौरान बिहटा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने आधुनिक तकनीक और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए।इसमें पैड प्रोजेक्ट मशीन को प्रथम पुरस्कार मिला। इसके लिए मोनी, फैजा, ख़ुशी एवं सोनाक्षी को ईनाम की राशि दी गई।उनके प्रस्तुतीकरण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को निर्णायक मंडल ने खूब सराहा।विद्यालय के प्राचार्य डॉ उदय कुमार सिंह ने बच्चों की जीत पर बधाई देते हुये कहाँ की बच्चों ने कई जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को बहुत ही सरल और प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया।प्रोजेक्ट निर्माण से लेकर प्रेजेंटेशन तक, बच्चों के बीच गजब का सामंजस्य देखने को मिला।इस बड़ी उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विजेता बच्चों को बधाई देते हुए कहा हमारे छात्रों की यह जीत उनकी साल भर की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। हम केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि बच्चों में खोजी प्रवृत्ति विकसित करने पर जोर देते हैं।”गौरतलब है कि हर साल 28 फरवरी को महान भारतीय वैज्ञानिक सर सी.वी. रमन द्वारा ‘रमन इफेक्ट’ की खोज की याद में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में एनएसआईटी ने युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया था।
ये नन्हे वैज्ञानिक भविष्य में देश के लिए बड़े आविष्कार करेंगे।इस मौके पर विद्यालय की निदेशक डॉ सोनी सिंह, समाजसेवी सिद्धनाथ सिंह,शिक्षिका यशोदा सिंह, वीर बहादुर सिंह, सदानंद प्रसाद सहित कई लोग मौजूद थे।