जयनगर थाने में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक
सुरेश गुप्ता की रिपोर्ट
मधुबनी/जयनगर अनुमंडल के जयनगर थाना में आगामी होलिका दहन एवं होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जयनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक का नेतृत्व डीएसपी राघव दयाल ने किया तथा अध्यक्षता थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने की। प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में पर्व-त्योहार शांतिपूर्वक मनाने को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। होलिका दहन स्थलों की विस्तृत जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मनचले बाइकर्स गैंग, डीजे के माध्यम से अश्लील गीत बजाने वालों, अफवाह फैलाने वालों एवं हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्व को लेकर सघन गश्ती एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
होलिका दहन स्थलों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा चयनित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।अधिकारियों ने यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए वाहन चलाते समय हेलमेट के अनिवार्य उपयोग की अपील की। तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अस्पताल प्रशासन को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अतिरिक्त, होलिका दहन के बाद अवशेष राख व मलवे का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि यातायात बाधित न हो। चौकीदारों को भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पर्व के बाद भी हुड़दंग करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाना हम सभी का कर्तव्य है। सभी के सहयोग से ही विधि-व्यवस्था बनाए रखी जा सकती है।
उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।बैठक में डीएसपी राघव दयाल, सीओ अखिलेश्वर चौधरी, थाना अध्यक्ष अमित कुमार, मुख्य पार्षद कैलाश पासवान,जदयू प्रखंड अध्यक्ष राज कुमार सिंह,भाकपा माले के प्रखंड सचिव भूषण सिंह,कांग्रेस के सुरेंद्र महतो,मुखिया राम दास हजरा,पवन यादव,मनोज कुमार चौधरी,नागेश्वर ठाकुर सहित कई पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

