बर्ड फ्लू से सतर्क संजय गांधी जैविक उद्यान, जू में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू ।। 2. . कामकाजी महिलाओं के लिए खुशखबरी, छात्रावास ‘आकांक्षा’ में ऑनलाइन आवेदन शुरू
न्यूज डेस्क
राजधानी पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान में बर्ड फ्लू पर रोकथाम लगाने के लिए जू प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। पटना जू स्थित पक्षी घर में दुनिया के अलग-अलग कोने से आए अनोखे पक्षियों के लिए खास व्यवस्था की गयी है। बर्ड फ्लू से बचाव के लिए 24 घंटे केयर टेकर की तैनाती की गयी है। ताकि बर्ड एवियरी की हर एक गति पर विशेष नजर रखी जा सकें। इस विषय पर अधिक जानकारी देते हुए संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक हेमंत पाटिल ने बताया कि जू में प्रवेश करने वाले सभी आगंतुकों के लिए गेट पर ही पोटाशियम पर मैगनेट से फूट वॉश करवाया जा रहा है। ताकि आगंतुक व पक्षी देने को किसी प्रकार का संक्रमण नहीं हो।
पूरे जू में विशेष सैनिटेशन के लिए कोर्सोलिन व वीरकॉन्ड का छिड़काव
वहीं पटना जू के रेंज ऑफिसर अरविंद वर्मा ने कहा कि हर रोज नियमित तौर पर पूरे उद्यान को कोर्सोलिन व वीरकॉन्ड पदार्थ से सैनिटेशन किया जा रहा है। ताकि बर्ड फ्लू जैसी बीमारी पक्षियों को छू भी न सकें। इसके अलावा बर्ड ड्रापिंग से बचाने के लिए खास इंतजाम किया गया है। बता दें कि हाल ही में राजगीर जू सफारी से दो मादा शेरनियों को लाया गया है व पटना जू से एक मादा शेरनी पार्वती को राजगीर जू सफारी नालंदा भेजा गया है।
2. कामकाजी महिलाओं के लिए खुशखबरी, छात्रावास ‘आकांक्षा’ में ऑनलाइन आवेदन शुरू
पटना के आईएएस कालोनी (रूपसपुर) स्थित कामकाजी महिला छात्रावास के लिए ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक महिलाएं अब महिला एवं बाल विकास निगम की अधिकारिक वेबसाइट miswcdc.bihar.gov.in/publicweb/wwh/LoginForwwh.aspx पर आवेदन कर सकती हैं। आवास का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। तत्पश्चात काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से अंतिम चयन किया जाएगा। आवेदन स्वीकृत होने के बाद लाभार्थी को सात दिनों के भीतर निर्धारित बैंक खाते में 3 हजार रुपये मासिक भोजन शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। साथ ही 30 दिनों के भीतर छात्रावास में प्रवेश लेना होगा, अन्यथा आवंटन निरस्त किया जा सकता है।
कौन-कौन से दस्तावेज जरुरी
आवेदन के समय महिला को अपने कार्य या नौकरी में होने से संबंधित प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र, नियुक्ति पत्र, वेतन पर्ची (पे-स्लिप), स्थानीय अभिभावक का पूर्ण विवरण तथा दिव्यांगता की स्थिति में संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
बीते बुधवार को समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी ने पटना में 50 बेड की क्षमता वाले इस छात्रावास ‘आकांक्षा’ का उद्घाटन किया था। छात्रावास में मुफ्त आवासन की सुविधा है। सिर्फ भोजन के लिए प्रति माह 3 हजार रुपये देना होगा। इसमें आवेदन करने के लिए आवेदिका की अधिकतम मासिक आय 75 हजार रुपये होनी चाहिए।

