जनसूराज विधायक प्रत्याशी के पति समेत दो शराब माफिया गिरफ्तार शराब व वाहन जब्त
पंकज कुमार की रिपोर्ट
मधुबनी/ जयनगर थाना क्षेत्र के दुल्लीपट्टी से दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दुल्लीपट्टी पंचायत की मुखिया सह खजौली विधानसभा क्षेत्र से जनसूराज की विधायक प्रत्याशी रूपम कुमारी के पति वीरेंद्र यादव तथा रामचंद्र यादव नामक कथित शराब माफिया शामिल हैं।
मधुबनी उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने गुरुवार संध्या करीब 5:00 बजे उत्पाद अधीक्षक कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने जयनगर थाना क्षेत्र के दुल्लीपट्टी में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई, साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बावजूद अवैध शराब के कारोबार को लेकर विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब की मात्रा, ब्रांड तथा जब्त वाहन के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब की आपूर्ति का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने संकेत दिया कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

