देश - विदेशक्राइमबड़ी खबरेबिहार

SSB ने अवैध नेपाली शराब की बड़ी खेप जब्त दो तस्कर गिरफ्तार

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

News desk 

मधुबनी/48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के कार्यक्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत आज तड़के एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई। आसूचना के आधार पर गठित विशेष नाका दल द्वारा सीमा स्तम्भ संख्या 291/14 के समीप नदी मार्ग से रबर ट्यूब के सहारे लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध नेपाली शराब को जब्त किया गया।

दिनांक 18 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 02:00 बजे श्री हरि नारायण जाट, उप कमांडेंट (प्रचालन) को अवैध शराब तस्करी संबंधी गोपनीय सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर एक विशेष नाका दल का गठन कर सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। लगभग 03:15 बजे नदी मार्ग से संदिग्ध गतिविधि देखी गई, जहाँ बोरे में सामान लाते व्यक्तियों को नाका दल द्वारा घेरकर पकड़ा गया।

जाँच के दौरान कुल 1,845 लीटर नेपाली शराब (विभिन्न ब्रांड) बरामद की गई। इसके अतिरिक्त तस्करी में प्रयुक्त 22 मोटरसाइकिल, 02 मोबाइल फोन तथा नदी पार करने हेतु 03 रबर ट्यूब भी जब्त किए गए। मौके से दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे पूछताछ जारी है। जब्त सामग्री एवं अभियुक्तों को विधिक कार्यवाही हेतु सहारघाट थाना, जिला मधुबनी को सुपुर्द किया जा रहा है।

प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अवैध शराब की खेप नेपाल से भारत लाई जा रही थी।

इस संबंध में 48वीं वाहिनी के कमांडेंट गोविन्द सिंह भण्डारी ने कहा: “सशस्त्र सीमा बल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः सतर्क है। हमारे जवानों की तत्परता और समर्पण के कारण अवैध शराब की इतनी बड़ी खेप को भारत में प्रवेश करने से पहले ही जब्त कर लिया गया। सीमा की सुरक्षा एवं तस्करी पर रोक लगाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”

सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमा क्षेत्रों में अवैध तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।