06 दिनों में खुलासा मुख्य अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल 04 आरोपी गिरफ्तार
संतोष कुमार
मधुबनी/राजनगर थाना क्षेत्र में हुई गोली मारकर हत्या की घटना का पुलिस ने महज छह दिनों के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में मुख्य अभियुक्त मो० अरसद पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से दो अवैध देशी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।10 फरवरी 2026 को राजनगर थाना अंतर्गत राघोपुर बलाट स्थित बघी बांध के पास जयराम मंडल की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 तथा मधुबनी जिला पुलिस के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की।15 फरवरी 2026 की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रामपट्टी, बलाट रोड में वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार मो० अरसद ने देशी पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।पुलिस ने घायल मो० अरसद को अवैध लोडेड देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर इलाज के लिए भेजा। उसके विरुद्ध लूट, छिनतई और चोरी के लगभग आधा दर्जन मामले दर्ज बताए गए हैं।उसी दिन दिवा गश्ती के दौरान रामपट्टी-रांटी रोड स्थित सर्वाडीह पुल के पास वाहन जांच के क्रम में तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन अमीर, गुलाम नबी (दोनों गौसनगर, राजनगर) तथा मो० दानिस (गरौल, अलीनगर, दरभंगा) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान अमन अमीर के पास से एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

