RJD कार्यालय दिल्ली में ‘समकालीन राजनीति और जगदेव बाबू’ संगोष्ठी का हुआ आयोजन, संजय यादव समेत कई सांसदों का महाजुटान
सेंट्रल डेस्क
नई दिल्ली /राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यालय में “भारत लेनिन” के नाम से प्रसिद्ध अमर शहीद जगदेव प्रसाद बाबू की जयंती के अवसर पर “उपेक्षित वर्गों को सशक्त बनाने की राजनीति से प्रेरित समकालीन राजनीति और जगदेव बाबू” विषय पर एक संगोष्ठी सह पत्रकार मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक सह राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि देश के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार जय शंकर गुप्ता एवं विनोद अग्निहोत्री ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया और समकालीन राजनीति में जगदेव बाबू के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। सुबोध मेहता ने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए जगदेव बाबू का संघर्ष आज भी राजनीति को दिशा देने वाला है।
उन्होंने आगे कहा कि जगदेव प्रसाद बाबू बिहार की समाजवादी राजनीति के प्रमुख स्तंभ रहे हैं। उन्होंने शोषित वर्गों के हक़ की लड़ाई को राजनीतिक मंच पर मजबूती से उठाया। सामाजिक न्याय की उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता के कारण उन्हें “भारत लेनिन” के नाम से जाना जाता है। 1974 में सामाजिक परिवर्तन की लड़ाई के दौरान वे शहीद हो गए, लेकिन उनके विचार आज भी जनआंदोलनों और राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। उपस्थित जनसमूह ने जगदेव प्रसाद बाबू के बताए मार्ग पर चलकर समाज के सर्वांगीण उत्थान, सामाजिक न्याय और समावेशी व्यवस्था के लिए सतत संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर लोकसभा में राजद संसदीय दल के नेता अभय कुशवाहा, राज्यसभा सांसद संजय यादव, बक्सर से लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बुद्धिजीवी वर्ग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने जगदेव बाबू के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता और समावेशी राजनीति को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
सुबोध मेहता ने अंत में बताया कि कार्यक्रम के बाद दिल्ली में बिहार से जुड़ी खबरों को कवर करने वाले पत्रकार, संसदीय बीट को कवर करने वाले पत्रकार समेत अनेक पत्रकारों के साथ पत्रकार मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया।

