मकर संक्रांति को दही-चूड़ा भोज के बाद नीतीश मंत्रिपरिषद के विस्तार की योजना
सेंट्रल डेस्क
पटना/मकर संक्रांति को दही-चूड़ा भोज के बाद नीतीश मंत्रिपरिषद के विस्तार की योजना है। मंत्री परिषद में अभी 10 मंत्रियों की जगह खाली है। 243 सदस्यों की बिहार विधानसभा में मंत्रिपरिषद में अधिकतम 36 सदस्य हो सकते हैं। अभी नीतीश कुमार समेत कुल 26 सदस्य हैं। जो 10 नये मंत्री बनाये जाएंगे उसमें 6 जदयू के और 4 भाजपा के सदस्य होंगे।
मंत्रिपरिषद विस्तार की जरूरत इसलिए भी है क्यों कि कई मंत्रियों का कार्यभार बढ़ गया है। जैसे जदयू के वरिष्ठ नेता बिजेन्द्र प्रसाद यादव के पास पांच विभाग हैं। उनकी उम्र करीब 80 साल है। उनके पास बड़ी जवाबदेही वाला वित्त विभाग तो है ही इसके अलावा ऊर्जा, योजना एवं विकास, वाणिज्य कर, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग भी है। जाहिर है इनके लिए वर्कलोड मैनेजमेंट जरूरी है। इसी तरह जदयू के विजय चौधरी चार विभाग के मंत्री हैं। दो-दो विभाग वाले भी चार मंत्री हैं। कुछ नाम चर्चा में हैं जिनको मंत्रिपरिषद विस्तार में जगह मिल सकती है।

