जनशक्ति जनता दल ने अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष कुमार रेणु को ठगी और धोखाधड़ी मामले में पार्टी से बर्खास्त
न्यूज डेस्क
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के पुत्र तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल(जेजेडी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष कुमार रेणु को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से निष्कासित कर दिया है। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय महासचिव मोतीलाल राय के नाम से जारी पार्टी के निष्कासन आदेश पत्र में संतोष कुमार रेणु पर बिहार पुलिस में बहाली के नाम पर पैसा लेने का घिनौना कार्य करने तथा संतोष कुमार रेणु पर यादव समाज से होने के बावजूद यादव समाज के लोगों से भी ठगी करने का जिक्र पत्र में किया है।
जनशक्ति जनता दल के आधिकारिक फेसबुक पेज पर इस संबंध में जो पोस्ट किया गया है, वह निम्नलिखित है:-
बिशेश्वर राय जी बी.एम.पी-18 में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं।
श्री बिशेश्वर राय जी बेहद ही नेकदिल और सज्जन व्यक्ति हैं, लेकिन हमारे ही पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष कुमार रेणु द्वारा श्री बिशेश्वर राय जी से बिहार पुलिस में बहाली कराने के नाम पर 1 लाख 45 हजार रूपये लेने का बेहद ही घिनौना अपराध किया गया है जो किसी भी परिस्थिति में क्षमा योग्य नहीं है।
इसके अतिरिक्त अन्य लोगों से भी काम करवाने के नाम पर झूठ बोलकर संतोष कुमार रेणु द्वारा रूपये लिए जाने की शिकायतें सामने आई है।
इसलिए पार्टी के केंद्रीय अनुशासन समिति द्वारा संतोष कुमार रेणु के इस पार्टी विरोधी गतिविधि और अनुशासनहीनता को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से पार्टी के सभी पदों से निष्कासित करती है।
संतोष कुमार रेणु “यादव” समाज से आते हैं और यादव समाज के लोगों के साथ भी झूठ बोलकर, काम करवाने के नाम पर पैसा लेता है। इसके लिए हमारे “यादव” समाज के लोग और खासकर हमारे युवा भाई कभी इसे माफ नहीं करेंगे।

