बिहार

पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार के निर्देशन में जिलेभर में एक दिवसीय विशेष अभियान

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

मधुबनी/बिहार पुलिस महानिदेशक विनय कुमार पटना के आदेशानुसार तथा मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार के निर्देशन में जिलेभर में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों एवं सम्मनों का निष्पादन, साथ हीं अवैध शराब कारोबार व यातायात व्यवस्था पर नियंत्रण था। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए कुल 49 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इसमें हत्या से संबंधित 01, हत्या के प्रयास में 01, महिला उत्पीड़न के मामलों में 04, अवैध शराब कारोबार से जुड़े 09, वारंटी 29 तथा अन्य कांडों में संलिप्त 05 अभियुक्त शामिल हैं। अभियान के दौरान पुलिस ने 29 वारंट, 01 इश्तेहार एवं 158 सम्मन का निष्पादन करते हुए कई पुराने मामलों में ठोस प्रगति दर्ज की है।

यह कार्रवाई जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त रुख का उदाहरण है। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने 61 वाहनों से ₹1,57,000/- का जुर्माना वसूल किया। तो वहीं, शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने हेतु चलाए गए अभियान में 669 लीटर देशी व विदेशी शराब जब्त की गई, साथ ही एक चार चक्का वाहन को भी बरामद किया गया। जिले में चलाए गए इस विशेष अभियान से पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना एवं अपराध मुक्त मधुबनी का निर्माण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।