मधुबनी के मतदाताओं ने रचा इतिहास, रिकॉर्ड 64.04% मतदान
मधुबनी जिले के मतदाताओं ने इस बार इतिहास रच दिया। जिले में कुल 64.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।
लोकतंत्र के इस पर्व में महिला मतदाताओं ने विशेष उत्साह दिखाते हुए 73.78% मतदान किया, जबकि पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 55.39% रहा।
महिलाओं की यह भागीदारी पुरुषों से लगभग 18 प्रतिशत अधिक रही, जो जिले में मतदाता जागरूकता अभियानों की बड़ी सफलता को दर्शाती है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मतदाताओं, निर्वाचन कर्मियों तथा स्वीप टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि “मधुबनी की जनता ने लोकतंत्र के उत्सव को सच्चे अर्थों में जीवंत कर दिया है।”
इस बार का मतदान प्रतिशत न सिर्फ रिकॉर्ड रहा बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक नई मिसाल पेश की है।

