देश - विदेशदिल्ली

नई सोसायटी ट्यूलिप येलो में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

सेंट्रल डेस्क 

गुरुग्राम/ शहर के सेक्टर-69 में स्थित ट्यूलिप येलो सोसायटी में निवासियों द्वारा पहली बार पारंपरिक हर्षोल्लास और सांस्कृतिक उत्साह के साथ हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन न सिर्फ महिलाओं के लिए आनंद का अवसर बना, बल्कि पूरी सोसायटी के लिए एक सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का जरिया भी रहा।
इस रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना के साथ हुई। महिलाओं ने हरे परिधान और चूड़ियों से सजी-धजी होकर तीज के गीतों पर झूले का आनंद लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लोक नृत्य, मेहंदी प्रतियोगिता और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि इसमें हर आयु वर्ग की महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और सामूहिक रूप से तीज के पर्व को जीवंत किया। आयोजन समिति की सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य न केवल परंपराओं को सहेजना था, बल्कि एक नई सोसायटी में आपसी मेलजोल और सामूहिकता की भावना को भी प्रोत्साहित करना था।
वहीं सोसायटी के निवासी व समाजसेवी ईं आरके जायसवाल ने कहा की ट्यूलिप येलो सोसायटी का यह पहला त्योहार न केवल सफल रहा, बल्कि एक नई परंपरा की नींव भी रख गया। भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण से अन्य सांस्कृतिक पर्वों के आयोजन की योजना है।