देश - विदेश

बतौन्हा चेक पोस्ट पर सशस्त्र सीमा बल ने एक विदेशी नागरिक को किया गिरफ्तार, पासपोर्ट नियमों का उल्लंघन

बिहार हलचल न्यूज ,जन जन की आवाज
Listen to this article

मधुबनी/48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की बतौन्हा चेक पोस्ट पर तैनात सतर्क जवानों ने दिनांक 12 अप्रैल 2025 को दोपहर लगभग 15:14 बजे एक विदेशी नागरिक को पासपोर्ट एवं वीजा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया।

घटना के समय एक ऑटो रिक्शा, जिसमें अनेक सवारियाँ थीं, भारत की ओर से नेपाल की ओर जा रहा था। जांच के दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियाँ संदिग्ध प्रतीत हुईं। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम (Ndiaye Kingsley) किगसले, उम्र लगभग 44 वर्ष, निवासी सेनेगल (पश्चिम अफ्रीका) बताया एवं पहचान स्वरूप अपना पासपोर्ट प्रस्तुत किया।

प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह व्यवसाय के उद्देश्य से भारत आया था। उसके पास उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, वह पहले नाइजीरिया से काठमांडू, फिर काठमांडू से भारत आया और ई-विजा के तहत तीन महीने तक नई दिल्ली में रहा। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद वह काठमांडू गया, जहां से कथित रूप से इलाज के लिए नई दिल्ली आया, लेकिन उसके पास इस यात्रा या इलाज से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या प्रमाण नहीं था।

इसके उपरांत, नई दिल्ली से पुनः काठमांडू जाते समय वह अवैध रूप से सड़क मार्ग से नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था, जोकि पासपोर्ट अधिनियम एवं वीजा नियमों का उल्लंघन है। उक्त कारणों से सशस्त्र सीमा बल के जवानों द्वारा उसे तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार किया गया।
जरूरी पूछताछ के उपरांत उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस थाना जयनगर को सौंप दिया गया है।

कमांडेंट श्री गोविंद सिंह भंडारी, 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा, “सीमा पर इस प्रकार की संदिग्ध एवं गैरकानूनी गतिविधियों के प्रति सशस्त्र सीमा बल पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अवैध घुसपैठ अथवा कानून उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।